किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी ने किया अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्र का दौरा
अधिकारियों को अविलंब सर्वे करवाकर आमजन को राहत देने के दिए निर्देश,श्मशानों के लिए विधायक कोष से खर्च करेंगे राशि
मदनगंज किशनगढ़ ( प्रतीक पाराशर ) | किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी रविवार को अरांई व बोराडा क्षेत्र के दौरे पर रहे। गौरतलब है कि क्षेत्र में अतिवृष्टि के कारण बाढ़ के हालात बने हैं, जिसके कारण किसानो की फसले पूर्ण रूप से नष्ट हो गई है और जगह-जगह आबादी क्षेत्र में जल भराव के कारण रिहायशी मकानो को नुकसान हुआ है। जिसको देखते हुए विधायक विकास चौधरी रविवार सुबह प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और प्रशासन को तत्काल पंचनामा बनाकर मुआवजा दिलाने की कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रशासन को दिए आवश्यक दिशा निर्देश- विधायक विकास चौधरी ने मौके पर ही अधिकारियों से बात करके जल भराव वाले स्थानों को चिन्हित करके तुरंत निकासी करने के निर्देश दिए साथ ही आर्थिक नुकसान का सर्वे करवाकर मुआवजा की अविलंब कार्रवाई करने के लिए पाबंद किया। विधायक विकास चौधरी ने 48 घंटे में सर्वे रिपोर्ट का काम पूरा करके अग्रिम कार्रवाई के लिए कहा, जिससे कुदरत के इस कहर के बीच आमजन को तुरंत राहत प्रदान की जा सके।
विशेष गिरदावरी के दिए निर्देश- क्षेत्र में लगातार दूसरे वर्ष हुई अतिवृष्टी के कारण किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। इस वर्ष मूसलाधार बारिश के कारण फसले पूर्ण रूप से चौपट हो गई है, जिसके लिए विधायक चौधरी ने ग्राउंड जीरो से ही जिला कलेक्टर से बात की और विशेष गिरदावरी करवाने के निर्देश दिए। पिछले हफ्ते भी विधायक विकास चौधरी ने सरकार को पत्र लिखकर गिरदावरी के तुरंत आदेश जारी करने की मांग की थी।
विधायक चौधरी ने आमजन से की अपील- विधायक विकास चौधरी ने अतिवृष्टी प्रभावित नागरिकों से अपील की अपने खेत, मकान या अन्य नुकसान की जीपीएस फोटो लेकर अपने पास सुरक्षित रखें एवं तुरंत प्रशासन को अवगत करवाए। संबंधित पटवारी व ग्राम सेवक को भी मुख्यालय पर रहने के निर्देश जारी किए।
शोक संतप्त परिवारों से भी मिले- विधायक विकास चौधरी क्षेत्र के दौरे के दौरान पिछले दिनों जिन परिवारों ने अपनों को खोया,उनकी बैठकों में भी पहुंचे और उनके दुःख-दर्द दर्द को साझा किया।

सार्वजनिक श्मशानों के विकास लिए विधायक कोष की घोषणा- विधायक विकास चौधरी ने आरोप लगाया कि पूर्व जन्मप्रतिनिधियों की नेतृत्व-हीनता के कारण शमशान में जाने वाले रास्तों एवं श्मशान घाट के विकास कार्यों की सुद नहीं ली गई, जिसके कारण आमजन को अपनों के अंतिम संस्कार के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। जो कि बड़ी विडंबना की बात है।
विधायक चौधरी ने घोषणा की कि मैं खुद सर्वे करवा कर श्मशान के रास्तों एवं श्मशान घाट में टीनशेड सहित अन्य विकास कार्यों के लिए विधायक कोष से समस्याओं का समाधान करूंगा।
विधायक विकास चौधरी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से भी प्रस्ताव मांगे हैं।
विधायक चौधरी ने बताया कि किसानों व आमजन को अतिवृष्टि से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। अधिकारियों को विशेष गिरदावरी के निर्देश दिए हैं साथ ही सरकार से विशेष राहत पैकेज की मांग की है।
इस दौरान विधायक चौधरी के साथ क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता साथ रहे।