ब्लॉक स्तरीय पौधारोपण कार्यक्रम भंडावास में आयोजित: 20 ग्राम पंचायतों में 20,000 पौधे रोपे गए
केकड़ी / सावर |
मुख्यमंत्री हरियाळो राजस्थान 2.0 अभियान के तहत शुक्रवार को पंचायत समिति सावर की ग्राम पंचायत भंडावास में ब्लॉक स्तरीय पौधारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत सावर ब्लॉक की 20 ग्राम पंचायतों में प्रति पंचायत 1000 पौधे लगाए गए, जिससे कुल 20,000 पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी डॉ. आस्था शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। साथ ही तहसीलदार भगवती प्रसाद वैष्णव, विकास अधिकारी चिरंजी लाल वर्मा, ग्राम पंचायत भंडावास के सरपंच सुरजकरण मीणा, ग्राम विकास अधिकारी देवी सिंह राठौड़, कनिष्ठ सहायक देवेंद्र वर्मा, वार्ड पंचगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
इस अवसर पर ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने स्वयं भी पौधारोपण कर हरित भविष्य का संदेश दिया।