लघु ईट भट्टो पर पाबन्दी और रॉयल्टी का विरोध।

माटी कला बोर्ड अध्यक्ष की नियुक्ति का विरोध।
कुम्हार समाज के लोगों ने रैली निकाल किया प्रदर्शन।
लघु ईट भट्टों पर पाबंदी और रॉयल्टी का विरोध।
शाहपुरा, 4 अगस्त 2025। राजस्थान सरकार द्वारा राजस्थान माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष पद पर कुमावत समाज के प्रहलाद राय टाँक की नियुक्ति को लेकर प्रजापति (कुम्हार) समाज में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया।
प्रजापती समाज विकास समिति, शाहपुरा के बैनर तले कुम्हार समाज के लोगों ने आज रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर प्रहलाद राय टाँक को अध्यक्ष पद से हटाने और प्रजापति (कुम्हार) समाज के किसी व्यक्ति को इस पद पर नियुक्त करने की मांग की।
लघु ईट भट्टों पर पाबंदी और रॉयल्टी का विरोध:
प्रदर्शन के साथ कुम्हार समाज ने दूसरा ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें लघु ईट भट्टों (आवा-कजावा ईट भट्टों) पर पाबंदी न लगाने और रॉयल्टी वसूली रद्द करने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि चिमनी-ईट भट्टों की मनमानी से पहले से ही आर्थिक संकट मंडरा रहा है। अब सरकार द्वारा मिट्टी दोहन पर पाबंदी और रॉयल्टी लगाने का फरमान जारी करना लघु उद्योग को खत्म करने जैसा है। कुम्हार समाज का आरोप है कि राज्य सरकार ने मिट्टी दोहन की छूट पहले से दी हुई है, फिर भी नई पाबंदी से सैकड़ों परिवारों का भरण-पोषण संकट में पड़ जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि रॉयल्टी और पाबंदी से कुम्हार समाज बेरोजगार हो सकता है और यह लघु उद्योग बंद हो जाएंगे। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि आवा-कजावा ईट भट्टों को सभी टैक्स से मुक्त रखा जाए और सरकार इन उद्योगों को पूर्व की तरह सरंक्षण प्रदान करे। इस दौरान प्रजापति समाज अध्यक्ष दुर्गालाल राजौरा, महावीर कुम्हार, कमलेश, गोविंद कुम्हार, राम प्रसाद, देवकिशन, सत्यनारायण कुम्हार, लोकेश प्रजापत, जगदीश, पवन कुम्हार, महावीर कुम्हार, दिनेश, भैरूलाल प्रजापत सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।