समस्याओं से त्रस्त जिले के किसानों ने शाहपुरा में दिया धरना।रैली निकाल कर किया प्रदर्शन, की नारेबाजी।

समस्याओं से त्रस्त जिले के किसानों ने शाहपुरा में दिया धरना।रैली निकाल कर किया प्रदर्शन, की नारेबाजी।
Spread the love


प्रधानमंत्री, केंद्रीय कृषि मंत्री, मु. मंत्री को ज्ञापन।
चारागाह भूमि पर गौ-अभ्यारण विकसित हो।
एडीएम ने दिए क्षेत्र में विशेष गिरदावरी के आदेश।
शाहपुरा 8 सितंबर 2025।
भीलवाड़ा जिले के 11 तहसील क्षेत्रों के सैकड़ों किसान और पशुपालक, सरकारी योजनाओं के धरातल पर लागू न होने और विभिन्न समस्याओं से त्रस्त होकर सोमवार को शाहपुरा के उम्मेद सागर चौराहे पर भारतीय किसान संघ राजस्थान प्रदेश के बैनर तले धरना दिया। बाद में एडीएम कार्यालय तक रैली निकालकर सरकार विरोधी नारेबाजी की और अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रकाश को प्रधानमंत्री, केंद्रीय कृषि मंत्री एवं किसान कल्याण मंत्री और मुख्यमंत्री के नाम मांग ज्ञापन सौंपा।
धरने पर बैठे जिलाध्यक्ष सुगन चंद बोहरा ने बताया कि कृषि, सिंचाई, बिजली, फसल बीमा, आपदा अनुदान, समर्थन मूल्य और फसल विपणन जैसी समस्याओं से किसान परेशान हैं। योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा, और कोई सुनवाई नहीं हो रही।
भारतीय किसान संघ के प्रांत उपाध्यक्ष सोहनलाल माली ने आरोप लगाया कि अतिवृष्टि से फसल खराबे को सरकारी नुमाइंदे 40% बताकर किसानों के साथ धोखा कर रहे हैं और बीमा कंपनियों को फायदा पहुंचा रहे हैं।किसानों ने बढ़ती लागत, अपर्याप्त सिंचाई, बिजली आपूर्ति और कर्ज के बोझ की समस्याएं उठाईं।
खेतों के रास्तों से अतिक्रमण हटाने, राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्त करने, पेयजल व्यवस्था सुधारने, फसल खराबे की ईमानदार गिरदावरी, उचित मुआवजा, बीमा क्लेम, आपदा अनुदान, टेल तक पानी, समर्थन मूल्य पर खरीद, दुग्ध अनुदान और कृषि आदान अनुदान की मांग की।
चरागाह भूमि में बने गौ-अभ्यारण:- प्रधानमंत्री के नाम दिए ज्ञापन में किसानों ने सभी ग्राम पंचायतों की चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाकर गौ-अभ्यारण विकसित करने की मांग पर खास ध्यान आकर्षित करवाय। वहीं पशुपालकों ने भी सरकार से गौ-पालन योजना शुरू करने की मांग पर जोर दिया।
इस मौके पर किसान नेता सोहनलाल माली, जिलाध्यक्ष सुगनलाल बोहरा, जिलामंत्री रतन लाल गाडरी, धर्मीचंद जाट, रहड़, गोपाललाल बलाई, हेमराज, रामप्रसाद शर्मा, गणपत सिंह राणावत, गोपाल लाल बलाई, लक्ष्मण सिंह, भूरालाल लोधा, हेमराज जाट, भंवर जाट, रमेश चंद्र बोहरा सहित जिले की कई तहसील क्षेत्रों से आए किसानों पशुपालक उपस्थित थे।
विशेष गिरदावरी के आदेश दिए :- किसानों के मांग पत्र को आगे भिजवाया है। आपदा के समय 33 फीसदी से ज्यादा खराबा होने पर सरकार के आदेशानुसार विशेष गिरदावरी के आदेश जारी किए है। खराबे का वास्तविक आंकलन करने को कहा है ताकि किसानों को उचित अनुदान मिल सके। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़े लाभार्थी भी ऑनलाइन अपना खराबा दर्ज करवा सकते है। ओम प्रकाश अतिरिक्त जिला कलक्टर, शाहपुरा

Dev Krishna Raj Parashar - Shahpura

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *