पंचायतीराज विभाग कराएगा जनप्रतिनिधि, अधिकारी व कार्मिक को एक्सपोजर विजिटहर पंचायत समिति से तीन का होगा चयन, प्रदेश के बाहर व जिले के बाहर भेजा जाएगा।
अजमेर। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग राज्य की प्रत्येक पंचायत समिति से चयनित एक-एक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कार्मिक को पांच दिवसीय अंतरराज्यीय (राज्य के बाहर) एवं अंतर्जिला (राज्य के अंदर) एक्सपोजर विजिट कराएगा। पंचायतीराज विभाग के संयुक्त शासन सचिव जिला आयोजना प्रवीण कुमार के अनुसार राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत पंचायतीराज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कार्मिकों को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतीराज संस्थाओं का आकलन एवं अध्ययन कराया जाएगा। इसके अंतर्गत राज्य की अनुमोदित वार्षिक कार्ययोजना वर्ष 2025-26 में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी एवं कर्मचारियों को पांच दिनों की अंतर जिला (राज्य के अंदर) एवं अंतरराज्यीय (राज्य के बाहर) एक्सपोजर विजिट कराई जाएगी। जिससे वे एक्सपोजर विजिट के दौरान देखे गए नवाचारों को अपने-अपने क्षेत्रों में शुरू करके अपने गांव का समृद्ध विकास कर सकेंगे। इसको देखते हुए जिला परिषद के सीईओ राम प्रकाश ने सभी पंचायत समितियों के विकास अधिकारियों को तीन दिन में अपने-अपने क्षेत्र से ऐसे जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कार्मिक को चिन्हित कर नाम भेजने के निर्देश दिए हैं। इस तरह किया जाएगा चयन एक्सपोजर विजिट के लिए जिले की पंचायत समितियों में संचालित मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, आवास, निजी आय वृद्धि के स्रोत, नवीन आयामों, प्रथाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतों के प्रतिनिधियों एवं कार्मिकों में से किया जाएगा।
