केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी की अध्यक्षता में हुई दिशा बैठक में योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा
केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी की अध्यक्षता में हुई दिशा बैठक में योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा
अजमेर जिले में दिशा बैठक सम्पन्न – केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी ने दिए पारदर्शिता व गुणवत्ता के निर्देश
अजमेर, 8 अक्टूबर 2025
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा स्थानीय अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक राजीव गांधी विद्या सभागार भवन (रीट कार्यालय), अजमेर में आयोजित हुई। बैठक में जिले के विधायकगण, जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी, केंद्रीय व राज्य योजनाओं के नोडल अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रभारी उपस्थित रहे।
लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित हो : केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी ने बैठक के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित की जाए, विकास कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। भागीरथ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का लक्ष्य “विकसित भारत 2047” का सपना साकार करना है। इस दिशा में अजमेर जिला जनसहभागिता और नवाचारपूर्ण कार्यशैली के माध्यम से विकास का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करेगा।
प्रभावी मॉनिटरिंग के साथ समग्र विकास सुनिश्चित हो : केंद्रीय भागीरथ चौधरी मंत्री ने कहा कि दिशा समिति का उद्देश्य विकास योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग और समन्वय के माध्यम से संसदीय क्षेत्र के समग्र विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं, कृषि, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और अवसंरचना से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ लागू किया जाए। भागीरथ चौधरी ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएँ चला रही है, जिनकी जानकारी और पहुँच को गाँव-गाँव तक पहुँचाना जरूरी है।
टीम भावना से आमजन के हित में करें काम : बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित मुद्दे और सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
अंत में केंद्रीय मंत्री चौधरी ने कहा कि सभी विभाग टीम भावना के साथ कार्य करें, ताकि अजमेर जिला विकास के हर सूचकांक पर अग्रणी बन सके और केंद्र सरकार की योजनाएँ “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना को साकार कर सकें।