भीलवाड़ा कलेक्टर जसमीत सिंह संधू को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित, धरती आभा योजना में उत्कृष्ट कार्य का मिला राष्ट्रीय गौरव
भीलवाड़ा, राजस्थान — भीलवाड़ा जिले के लिए गर्व का क्षण है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू को भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित धरती आभा योजना के तहत चलाए गए ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
यह सम्मान राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा शुक्रवार, 17 अक्टूबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा।
भीलवाड़ा जिले में आदि कर्मयोगी अभियान के तहत आसींद, बनास, शाहपुरा, कोटड़ी, जहाजपुर, मांडलगढ़ और बिजोलिया ब्लॉकों में कई प्रभावी गतिविधियां आयोजित की गईं। 141 राजस्व ग्रामों में आदिवासी सेवा केंद्रों की स्थापना की गई, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, आजीविका और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई।
इस अभियान का उद्देश्य वर्ष 2030 तक जिले के एसटी बाहुल्य क्षेत्रों में 100 प्रतिशत समावेशी विकास सुनिश्चित करना है। धरती आभा योजना के अंतर्गत प्रशासनिक दक्षता, नवाचार और जनसहभागिता का अनूठा उदाहरण भीलवाड़ा ने प्रस्तुत किया है।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने इस उपलब्धि पर कहा कि “यह सम्मान भीलवाड़ा जिले के प्रत्येक नागरिक का है। यह उपलब्धि अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आमजन के सहयोग से संभव हुई है।”
उन्होंने आगे कहा कि भीलवाड़ा प्रशासन आगे भी आदिवासी समुदाय के समग्र विकास और धरती आभा योजना के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए समर्पित रहेगा।
भीलवाड़ा की यह उपलब्धि न केवल जिले बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गौरव का विषय है। जनजातीय समुदाय के सर्वांगीण विकास की दिशा में यह मॉडल अब अन्य जिलों के लिए भी उदाहरण बनता जा रहा है।