छावनी परिषद नसीराबाद को रक्षा मंत्री पुरस्कार, रचा गया ऐतिहासिक कीर्तिमान
नसीराबाद (अनिल लोहरे )। छावनी परिषद नसीराबाद के लिए यह क्षण गौरव, सम्मान और इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज होने वाला साबित हुआ है। परिषद को देश के प्रतिष्ठित रक्षा मंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाना न केवल एक उपलब्धि है, बल्कि उत्कृष्ट प्रशासन, दूरदर्शी नेतृत्व और जनसेवा के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता का राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाण भी है।
यह सम्मान छावनी परिषद नसीराबाद को पहली बार प्राप्त हुआ है, जिससे परिषद देशभर की छावनी परिषदों की अग्रिम पंक्ति में शामिल हो गई है। पारदर्शी प्रशासन, डिजिटल नवाचार, ई-छावनी मॉड्यूल्स का प्रभावी क्रियान्वयन और नागरिक-केंद्रित सेवाओं ने नसीराबाद को एक आदर्श संस्थान के रूप में स्थापित किया है।
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार माननीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS), रक्षा सचिव, महानिदेशक रक्षा संपदा श्रीमती शोभा गुप्ता तथा वित्तीय सलाहकार (रक्षा) की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को और भी विशेष बना दिया।
मंच पर छावनी परिषद नसीराबाद के अध्यक्ष हरिश कुमार, मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. नितिश गुप्ता, कार्यालय अधीक्षक प्रवीण यादव एवं कनिष्ठ अभियंता विश्वेन्द्र सिंह उपस्थित रहे, जिन्हें परिषद की ओर से यह सम्मान प्राप्त हुआ। यह उपलब्धि उनके समर्पण, सतत प्रयास और टीमवर्क का प्रत्यक्ष परिणाम मानी जा रही है।
समारोह के दौरान परिषद द्वारा किए गए विकासात्मक, जनकल्याणकारी, तकनीकी और प्रशासनिक सुधारों पर आधारित एक संक्षिप्त डॉक्यूमेंट्री भी प्रस्तुत की गई, जिसे माननीय रक्षा मंत्री सहित उपस्थित अतिथियों से विशेष सराहना मिली।
निस्संदेह, यह उपलब्धि केवल छावनी परिषद नसीराबाद तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे नसीराबाद क्षेत्र के लिए गर्व, प्रेरणा और भविष्य में नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ने का मजबूत आधार सिद्ध होगी।