श्रीनगर प्रधान कमलेश गुर्जर का कार्यकाल पूर्ण, पंचायत समिति सभागार में सम्मान समारोह
अजमेर । श्रीनगर पंचायत समिति के प्रधान कमलेश गुर्जर का पांच वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने पर पंचायत समिति सभागार भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में क्षेत्र के सरपंचों एवं पंचायत समिति सदस्यों ने प्रधान कमलेश गुर्जर का सम्मानपूर्वक स्वागत किया।
कार्यक्रम में नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा एवं पूर्व विधायक रामनारायण गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सरपंचों और समिति सदस्यों ने प्रधान एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को माला और साफा पहनाकर सम्मानित किया।
विधायक रामस्वरूप लांबा ने अपने संबोधन में प्रधान कमलेश गुर्जर के कार्यकाल को सफल बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पंचायत समिति क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली। वहीं प्रधान कमलेश गुर्जर ने अपने कार्यकाल के दौरान सहयोग देने वाले सरपंचों, पंचायत समिति सदस्यों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सम्मान समारोह में पंचायत समिति सदस्य श्रीकृष्णा गुर्जर, नीतू गुर्जर, उपप्रधान प्रतिनिधि चमन चिता, कानपुरा के पूर्व सरपंच भगवान महेश्वरी, भटियानी के पूर्व सरपंच कैलाश तेला, जीआरएस जिला अध्यक्ष प्रहलाद गुर्जर, पूर्व सरपंच रामकरण यादव, ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ओंकार गुर्जर, कांग्रेस नेता गोपाल यादव, विकास अधिकारी महेश चौधरी, अतिरिक्त विकास अधिकारी मुकेश काकानी एवं प्रशासन अधिकारी महेंद्र सेन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।