सांसद खेल महोत्सव में 23 से 25 दिसम्बर तक जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं, प्रधानमंत्री मोदी जुड़ेंगे वर्चुअल
सांसद खेल महोत्सव में 23 से 25 दिसम्बर तक जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं, प्रधानमंत्री मोदी जुड़ेंगे वर्चुअल
सांसद खेल महोत्सव 2025: जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में दिखेगी अजमेर की उभरती खेल प्रतिभा, 23 से 25 दिसंबर तक पटेल स्टेडियम व चन्द्रवरदाई नगर खेल मैदान में होंगे विविध खेल आयोजन, समापन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे वर्चुअल संबोधन
अजमेर, 22 दिसम्बर। सांसद खेल महोत्सव राष्ट्रीय कार्यक्रम 2025 के अंतर्गत अजमेर संसदीय क्षेत्र में 23 से 25 दिसंबर 2025 तक जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिताएँ पटेल स्टेडियम, अजमेर एवं चन्द्रवरदाई नगर खेल मैदान, अजमेर में आयोजित होंगी। इससे पूर्व संसदीय क्षेत्र के विभिन्न ब्लॉकों में आयोजित ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताएँ सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं, जिनमें विजेता रहे खिलाड़ी अब जिला स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा स्थानीय अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने ब्लॉक स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में सहभागिता करने वाले सभी खिलाड़ियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सांसद खेल महोत्सव युवाओं की प्रतिभा को पहचान देने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने का सशक्त मंच है। उन्होंने जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना, अनुशासन और पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया।
केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट विज़न है कि ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को उचित मंच मिले, ताकि संसाधनों और अवसरों के अभाव में कोई भी प्रतिभा पीछे न रह जाए। सांसद खेल महोत्सव इसी सोच का सशक्त उदाहरण है। इस मंच से निकलकर अनेक खिलाड़ी आज प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं, जो प्रधानमंत्री मोदी के युवा सशक्तिकरण और स्वस्थ भारत के संकल्प को साकार करता है।
दो स्थलों पर होंगे विविध खेल आयोजन
सांसद खेल महोत्सव राष्ट्रीय कार्यक्रम 2025 के तहत 23 व 24 दिसंबर 2025 को चन्द्रवरदाई नगर खेल मैदान, अजमेर में क्रिकेट, वॉलीबॉल, हॉकी एवं खो-खो प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
23 से 25 दिसंबर 2025 तक पटेल स्टेडियम, अजमेर में बास्केटबॉल, कबड्डी, रस्साकशी, टेबल टेनिस, एथलेटिक्स (100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, शॉट पुट, लंबी कूद), बैडमिंटन, कुश्ती, कराटे एवं स्केटिंग प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी।
25 दिसंबर को होगा भव्य समापन
सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य समापन 25 दिसंबर 2025 को होगा। समापन समारोह के अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे, जो प्रतिभागियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
क्षेत्र को नई पहचान देंगी खेल प्रतिभाएँ
केंद्रीय मंत्री एवं अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने कहा कि यह जिला स्तरीय सांसद खेल महोत्सव अजमेर संसदीय क्षेत्र की उभरती खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती प्रदान करेगा।
जिला कलक्टर ने खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए सौपें दायित्व
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी के निर्देशन में सांसद खेल महोत्सव राष्ट्रीय कार्यक्रम 2025 के अंतर्गत अजमेर संसदीय क्षेत्र में 23 से 25 दिसंबर तक जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन पटेल स्टेडियम एवं चंद्रवरदाई नगर स्टेडियम में किया जाएगा। जिला कलक्टर श्री लोकबंधु ने बताया कि खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभागवार अधिकारियों को दायित्व आवंटित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि आयोजन स्थल पर सुरक्षा कानून व्यवस्था एवं पार्किंग के लिए गृह विभाग, अग्निशमन वाहन एवं साग सफाई के लिए नगर निगम, अतिथियों एवं खिलाड़ियों के लिए पेयजल, सजावट, माइक, साउंड, एलइडी सहित अन्य की व्यवस्था के लिए जिला परिषद, चिकित्सा टीम एवं एंबुलेंस की व्यवस्था के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन, रेफरी की व्यवस्था, आवश्यक खेल उपकरण के लिए शिक्षा अधिकारी, इंटरनेट कनेक्टिविटी एवं वर्चुअल संवाद के लिए सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के संयुक्त निदेशक, सहित अन्य विभागों को दायित्व सौंपे गए है।
तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन सुनिश्चित करने के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश की अध्यक्षता में सोमवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने उद्घाटन सत्र की व्यवस्था, अतिथियों एवं आमजन के बैठने की समुचित व्यवस्था, जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण एवं सहभागिता, खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाएं, परिसर की साफ-सफाई, टेंट व्यवस्था, खेल उपकरणों की उपलब्धता, मैचों का सुचारू संचालन तथा टीमों के समन्वय को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि सांसद खेल महोत्सव 2025 के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का शुभारंभ मंगलवार, 23 दिसंबर को प्रातः 11 बजे पटेल स्टेडियम में किया जाना प्रस्तावित है।