अजमेर में मॉडल डिस्ट्रिक्ट (ABDM) कार्यशाला का आयोजन
अजमेर में मॉडल डिस्ट्रिक्ट (ABDM) कार्यशाला का आयोजन
आज अजमेर में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के अंतर्गत “मॉडल डिस्ट्रिक्ट” कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य अजमेर जिले को डिजिटल हेल्थ सेवाओं के क्षेत्र में एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित करने हेतु रणनीतियों, कार्ययोजना एवं समन्वित प्रयासों को मजबूत बनाना रहा।
अजमेर का मॉडल जिला के रूप में चयन राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो इसे डिजिटल हेल्थ परिवर्तन का अग्रणी केंद्र बनाता है। इस पहल के अंतर्गत जिले में सभी नागरिकों की ABHA ID, राजकीय तथा निजी स्वास्थ्य तंत्र से जुड़े सभी हेल्थ फैसिलिटी एवं प्रोफेशनल का हेल्थकेयर फैसिलिटी रजिस्ट्री (HFR) तथा हेल्थकेयर प्रोफेशनल रजिस्ट्री (HFR) में रजिस्ट्रेशन तथा सभी स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटल रिकॉर्ड को एकीकृत रूप से लागू किया जाएगा।
कार्यशाला में स्वास्थ्य से जुड़े राज्य स्तर से श्री संतोष कुमार गोयल-विशेषाधिकारी NHM, तथा डॉ संपत सिंह जोधा- संयुक्त निदेशक, तथा डॉ ज्योत्स्ना रंग- CMHO ने मुख्य रूप से ABDM के अंतर्गत मुख्य गतिविधियों के बारे में जानकारी दी, साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण से आए श्री अरुण कुमार ने मॉडल डिस्ट्रिक्ट की परिकल्पना एवं मुख्य भूमिका के बारे में जानकारी दी. कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों एवं संबंधित स्टेकहोल्डर जैसे IMA अजमेर के प्रेसिडेंट, ARSIDA representives, प्राइवेट हॉस्पिटल के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और ABDM के end-to-end implementation पर विस्तृत चर्चा की। इस प्रणाली के माध्यम से मरीजों का पूरा उपचार- OPD पंजीकरण से लेकर जांच, भर्ती एवं डिस्चार्ज तक डिजिटल रूप में दर्ज एवं ABHA से लिंक किया जाएगा, जिससे उपचार अधिक सटीक, तेज और प्रभावी हो सकेगा।
वक्ताओं ने बताया कि इस पहल का मुख्य लक्ष्य 100% सैचुरेशन प्राप्त करना है, जिससे कोई भी स्वास्थ्य सेवा या संस्था डिजिटल प्रणाली से बाहर न रहे। विशेष रूप से सरकारी और निजी दोनों स्वास्थ्य क्षेत्रों को एकीकृत करते हुए एक मजबूत डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि राजस्थान राज्य ABDM के क्रियान्वयन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है, जहां 7.17 करोड़ से अधिक ABHA आईडी बनाई जा चुकी हैं तथा बड़ी संख्या में स्वास्थ्य संस्थान डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं।
अजमेर में विकसित किया जाने वाला यह मॉडल भविष्य में अन्य जिलों के लिए एक मानक (SOP) के रूप में कार्य करेगा। यहां के अनुभवों एवं सर्वोत्तम प्रथाओं के आधार पर पूरे राज्य में ABDM के प्रभावी विस्तार की दिशा तय की जाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने इस पहल को आम नागरिकों के लिए पारदर्शी, सरल एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।