कोटपूतली-किशनगढ़ ग्रीन एक्सप्रेसवे के विरोध में किसानों की विशाल ट्रैक्टर रैली, परियोजना निरस्त करने की मांग
नीमकाथाना (सीकर)। प्रस्तावित कोटपूतली-किशनगढ़ ग्रीन एक्सप्रेसवे परियोजना के विरोध में मंगलवार को नीमकाथाना में किसानों ने विशाल ट्रैक्टर रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। किसानों ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए परियोजना को तत्काल निरस्त करने की मांग की। इस दौरान “जान दे देंगे, जमीन नहीं देंगे” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
ट्रैक्टर रैली भूदोली चौराहे के समीप स्थित मालनगर बालाजी मंदिर से शुरू हुई और शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए एडीएम कार्यालय पहुंची। रैली से पूर्व किसानों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें आंदोलन की रणनीति और आगामी कदमों पर चर्चा की गई।
प्रदर्शन में किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट, प्रदेश अध्यक्ष मुसद्दीलाल यादव, जिला अध्यक्ष बलदेव यादव सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। किसानों ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित एक्सप्रेसवे परियोजना के कारण हजारों किसानों की उपजाऊ कृषि भूमि अधिग्रहित की जाएगी, जिससे उनकी आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट ने कहा कि किसान अपनी जमीन बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परियोजना के लिए लगभग 6,500 बीघा उपजाऊ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा, जबकि क्षेत्र में पहले से ही समानांतर हाईवे उपलब्ध है। उनके अनुसार नए एक्सप्रेसवे से दूरी में केवल 12 से 13 किलोमीटर की ही कमी आएगी, लेकिन इसके बदले किसानों को अपनी बहुमूल्य कृषि भूमि गंवानी पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि परियोजना से न केवल किसानों की आजीविका प्रभावित होगी, बल्कि हरियाली में कमी आने के साथ पर्यावरणीय असंतुलन भी बढ़ेगा। कंक्रीट और सीमेंट आधारित नई सड़क के निर्माण से यातायात और प्रदूषण में वृद्धि होने की आशंका है, जिसका दीर्घकालिक प्रभाव पर्यावरण पर पड़ेगा।
किसान महापंचायत के जिला अध्यक्ष बलदेव यादव ने कहा कि किसान अपनी जमीन की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से हर स्तर पर संघर्ष करेंगे। उन्होंने सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए परियोजना को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
ज्ञापन में किसानों ने सरकार से मांग की कि क्षेत्र की कृषि, पर्यावरण और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कोटपूतली-किशनगढ़ ग्रीन एक्सप्रेसवे परियोजना पर पुनर्विचार किया जाए तथा प्रभावित किसानों से संवाद स्थापित कर उचित समाधान निकाला जाए।
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए आवाज़ राजस्थान की से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Rajasthan Panchayati Raj हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!