₹228.90 लाख के विकास कार्यों की सौगात, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने काठोदा व पालड़ी में किया लोकार्पण
₹228.90 लाख के विकास कार्यों की सौगात, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने काठोदा व पालड़ी में किया लोकार्पण
अजमेर। जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत भदून के अंतर्गत ग्राम काठोदा एवं पालड़ी में कुल ₹228.90 लाख की लागत से पूर्ण हुए तीन महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने मंत्री का 51 किलोग्राम की माला पहनाकर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मंत्री रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति दे रही है। सरकार का लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि विकास कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कर जनता को समर्पित करना है। उन्होंने कहा कि गांवों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, मजबूत सड़क नेटवर्क और आधारभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध राजस्थान की सबसे बड़ी शक्ति हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से लोगों को उपचार के लिए शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा, वहीं बेहतर सड़कें शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार सहित सभी क्षेत्रों में विकास का मार्ग प्रशस्त करेंगी।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने ग्राम काठोदा में लगभग ₹55 लाख की लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र तथा ₹118.90 लाख की लागत से बनी संपर्क सड़क का लोकार्पण किया। इसके बाद ग्राम पालड़ी में लगभग ₹55 लाख की लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का भी लोकार्पण किया।
कुल ₹228.90 लाख की लागत से पूर्ण इन विकास कार्यों से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं एवं सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा। साथ ही क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।
इस अवसर पर प्रधान रामचंद्र थाकन, जिला मंत्री राजेंद्र ओझा, किरण डीसीबी, पंचायत समिति सदस्य नंदू गणेश खिलेरी, अनिल चौधरी, भगवानदास लखन, गणेश खिलेरी, सोहन माली, मूलचंद रायका, मनोहर सिंह जाजोता, सरवन गुर्जर, गोविंद सोनी, करतार भादू, सोहन सिंह राजपुरोहित, प्रशासक मुकेश प्रजापत, रामेश्वर माली, कैलाश माली, पिंटू बना (काठोदा), अमरचंद बजाड़ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।