अजमेर में रिक्त पदों पर 4 विकास अधिकारियों की नियुक्ति के आसार,निकाय और पंचायत चुनावों से पहले प्रशासनिक फेरबदल तेज, गृह जिलों में तैनात अधिकारी-कर्मचारी होंगे स्थानांतरित
अजमेर में रिक्त पदों पर 4 विकास अधिकारियों की नियुक्ति के आसार,निकाय और पंचायत चुनावों से पहले प्रशासनिक फेरबदल तेज, गृह जिलों में तैनात अधिकारी-कर्मचारी होंगे स्थानांतरित
अजमेर। राजस्थान में प्रस्तावित नगरीय निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों के बीच प्रशासनिक फेरबदल की प्रक्रिया तेज होने लगी है। अजमेर जिले में पंचायत राज विभाग के चार विकास अधिकारियों (बीडीओ) के पद वर्तमान में रिक्त हैं, जबकि तबादले के बाद दो विकास अधिकारियों ने अभी तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। ऐसे में विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल के साथ चार नए विकास अधिकारियों की नियुक्ति होने की संभावना जताई जा रही है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने राजस्थान हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों की तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। आयोग ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि चुनाव की घोषणा से पहले ऐसे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी, जो एक ही स्थान पर तीन वर्ष या उससे अधिक समय से कार्यरत हैं अथवा अपने गृह जिले या गृह क्षेत्र में तैनात हैं, उनका स्थानांतरण किया जाए।
निर्देशों के अनुसार 15 अगस्त तक यह प्रक्रिया पूरी की जानी है। इसके बाद चुनावी प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही तबादलों पर रोक लग जाएगी। ऐसे में चुनाव से जुड़े प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को समय रहते गृह जिले और गृह क्षेत्र से बाहर पदस्थापित किया जाएगा।
गृह जिले में नहीं रहेंगे कलेक्टर और एसपी
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चुनाव की घोषणा से लेकर चुनाव सम्पन्न होने तक चुनाव कार्य से जुड़े अधिकारी अपने गृह जिले में तैनात नहीं रह सकेंगे। इनमें संभागीय आयुक्त, रेंज आईजी, डीआईजी, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला आबकारी अधिकारी, नगर सुधार न्यास सचिव, उपखंड अधिकारी, सहायक कलेक्टर, डीएसपी, तहसीलदार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं।
इसी प्रकार जयपुर और जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, डीसीपी तथा जेडीए के संबंधित अधिकारी भी गृह जिले में पदस्थापित नहीं रहेंगे।
बीडीओ सहित कई अधिकारियों के होंगे तबादले
पंचायतीराज चुनावों के मद्देनजर गृह पंचायत समिति क्षेत्र में कार्यरत विकास अधिकारी (बीडीओ), नायब तहसीलदार, आबकारी निरीक्षक, पुलिस उपनिरीक्षक एवं अन्य चुनावी दायित्व निभाने वाले अधिकारियों का भी स्थानांतरण किया जाएगा।
अजमेर जिले में पहले से रिक्त पड़े विकास अधिकारियों के पदों और आगामी चुनावी व्यवस्थाओं को देखते हुए माना जा रहा है कि जल्द ही चार नए विकास अधिकारियों की नियुक्ति कर पंचायत समितियों में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा