सावर ब्लॉक की एएनएम ने विभिन्न मांगों को लेकर बीसीएमओ को सौंपा ज्ञापन
सावर ब्लॉक की एएनएम ने विभिन्न मांगों को लेकर बीसीएमओ को सौंपा ज्ञापन
हंसराज खारोल, कुशायता (पत्रकार)
कुशायता। आज दिनांक 22 जुलाई 2026 को एएनएम/एलएचवी संघ ऑफ राजस्थान एवं राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के तत्वावधान में सावर ब्लॉक की एएनएम ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (बीसीएमओ) सावर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि सीमित संसाधनों के बावजूद एएनएम धरातल स्तर पर अनेक जिम्मेदारियों का निर्वहन करती हैं, लेकिन किसी भी अप्रत्याशित घटना की जिम्मेदारी उन पर ही डाल दी जाती है तथा कठोर कार्रवाई की बात कही जाती है। संघ का कहना है कि सरकारी आदेश और कार्यादेश सभी कर्मचारियों के लिए जारी होते हैं, लेकिन अधिकांश कार्य एएनएम द्वारा किए जाते हैं। यदि किसी कार्य में थोड़ी भी त्रुटि रह जाती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी एएनएम पर डाल दी जाती है, जबकि अच्छे कार्यों का श्रेय अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी ले लेते हैं।
संघ ने शासन सचिव गायत्री राठौड़ के बयानों एवं प्रस्तावित कार्रवाई का विरोध जताते हुए कहा कि राजस्थान की समस्त एएनएम एवं एलएचवी इसका पुरजोर खंडन करती हैं। ज्ञापन के माध्यम से राज्य सरकार से मांग की गई कि एएनएम को अनावश्यक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन कार्य, रिपोर्टिंग और रिकॉर्ड संधारण जैसे अतिरिक्त कार्यों में न उलझाया जाए तथा उन्हें उनके मूल स्वास्थ्य कार्य करने दिए जाएं। इससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में और अधिक सुधार हो सकेगा।