राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में किशनगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन,
राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में किशनगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला फूंका
किशनगढ़। दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों के समर्थन में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में बुधवार को किशनगढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा संसद में पेपर लीक प्रकरण पर चर्चा कराने की मांग उठाई।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश तथा अजमेर ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं किशनगढ़ विधायक डॉ. विकास चौधरी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और युवा शामिल हुए।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए डॉ. विकास चौधरी ने कहा कि यदि देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ ऐसा व्यवहार किया जा सकता है तो सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि केंद्र सरकार छात्रों और युवाओं के साथ कैसा व्यवहार कर रही होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस का संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं तथा संसद में इस विषय पर विस्तृत चर्चा कराई जाए। कांग्रेस ने पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला फूंका।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष मोहित खंडेलवाल, नगर अध्यक्ष आजम कुरैशी, पूर्व चेयरमैन जगदीश गुर्जर, हमीदा बानो, सुभाष सेठी, गणेश गुर्जर, सुशीला अजमेरा, महेंद्र यादव, दीपक बिरला, घनश्याम सोडा, रंजीत चौधरी, वकीला बानो, राकेश शर्मा, राहुल चोरड़िया, राजीव चुंडीवाल, रामस्वरूप खटाना, कमल डीडवाडिया, विश्राम चौधरी, सलीम शेख, इस्लामुद्दीन देशवाली, सैय्यद अली, नूर मोहम्मद, आमिर हनफी, नसीर हुसैन सहित ब्लॉक, नगर एवं मंडल स्तर के अनेक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।