हर घर तिरंगा अभियान और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की करें तैयारियां
हर घर तिरंगा अभियान और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की करें तैयारियां
अजमेर, 7 अगस्त। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक हर घर तिरंगा अभियान और 14 अगस्त 2026 को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन करने के लिए कार्ययोजना के अनुसार समस्त तैयारी करने के लिए जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने निर्देश प्रदान किए।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा कि अखण्ड भारत विभाजन के दौरान प्राण गंवाने वाले और विस्थापित हुए लोगों की स्मृति में 14 अगस्त को मनाए जाने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को इस त्रासदी के ऐतिहासिक तथ्यों से अवगत कराना है। इसके तहत 13 एवं 14 अगस्त को जिला स्तर पर विशेष प्रदर्शनी और लघु फिल्मों का प्रदर्शन होगा। साथ ही जिला, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत स्तर पर स्कूली विद्यार्थियों को इनका भ्रमण कराया जाएगा। इसकी अधिक जानकारी Amritkaal.nic.in/partition-horror-remembrance-day पर उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि इन आयोजनों में जनप्रतिनिधियों, विभाजन प्रभावित परिवारों, स्वयं सहायता समूहों, गैर-सरकारी संगठनों, भामाशाहों, प्रबुद्ध नागरिकों, कलाकारों और खिलाड़ियों को आमंत्रित किया जाएगा। सभी स्थलों पर सफेद फूलों से गरिमापूर्ण सजावट की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में 2 मिनट का मौन रखकर कैंडल मार्च निकाला जाएगा। इसका मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम बीकानेर जिला प्रशासन के माध्यम से आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 का हर घर तिरंगा अभियान विशेष रूप से वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में समर्पित है। गृह मंत्रालय के दिशा निर्देशानुसार पूरे राज्य में वंदे मातरम का सामूहिक गायन होगा। नागरिक 9 से 17 अगस्त के बीच आधिकारिक पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड कर सकेंगे। आयोजन के दैनिक कार्यक्रमों के तहत 9 अगस्त को प्रातः 8 से 11 बजे तक जिला मुख्यालय के साथ-साथ प्रत्येक ब्लॉक, ग्राम पंचायत, गांव व ढाणी में तिरंगा प्रभात फेरी (अधिक आबादी वाले गांवों में 2-3 फेरियां) निकाली जाएगी। सोमवार 10 अगस्त को दोपहर 1 बजे हम सब एक हैं के संदेश के साथ ई-बाइक, साइकिल, ट्रैक्टर और पदयात्रा के माध्यम से स्थानीय कलाकारों व संगीतकारों की सहभागिता में तिरंगा रैली आयोजित होगी।
उन्होंने कहा कि 11 और 12 अगस्त को प्रातः 9 से सायं 6 बजे तक तिरंगा प्रदर्शनी व मेला लगेगा। इसमें फोटो-वीडियो प्रदर्शनी, चरखे से ध्वज के कपड़े की बुनाई का प्रदर्शन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और हस्तशिल्प स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां छात्र गाइड की भूमिका निभाएंगे। 13 से 17 अगस्त तक सरकारी भवनों पर त्रि-रंगी रोशनी, बाजारों में रंगोली व दीये सजाए जाएंगे। देशभक्ति गीतों व राष्ट्रगान का प्रसारण होगा। गुरूवार 13 अगस्त प्रातः 8 बजे से 17 अगस्त सायं 8 बजे तक प्रमुख स्थानों पर हस्ताक्षर के लिए तिरंगा कैनवास लगाए जाएंगे। स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को सायं 7 बजे ग्राम पंचायतों तक में सांस्कृतिक संध्या आयोजित कर स्वतंत्रता सेनानियों, सैन्यकर्मियों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। 15 अगस्त को ध्वजारोहण के साथ ही 13 से 15 अगस्त तक सभी निजी व सरकारी भवनों पर ध्वज प्रदर्शित कर तिरंगा प्रतिज्ञा दिलाई जाएगी। प्रति ग्राम पंचायत एवं शहरी वार्ड में 500 से अधिक राष्ट्रीय ध्वज आवश्यक रूप से फहराए जाएंगे।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री नरेन्द्र कुमार मीणा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।