SIR के दौरान कटे 41.84 लाख नाम अब फिर जुड़ सकेंगे, पात्र मतदाताओं के लिए पंजीकरण का मौका
जयपुर। राजस्थान में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए करीब 41.84 लाख नामों में से पात्र नागरिक अब दोबारा अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकेंगे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया जारी है।
इस अभियान का उद्देश्य SIR के दौरान मतदाता सूची में शामिल होने से रह गए पात्र नागरिकों के साथ-साथ पहली बार पात्र हुए नए मतदाताओं का पंजीकरण करना है।
ऑनलाइन भी कर सकेंगे आवेदन
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन के अनुसार, मतदाताओं की सुविधा के लिए चुनाव आयोग ने फॉर्म-6 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 की प्रक्रिया को सरल किया है। SIR के दौरान जोड़ा गया अतिरिक्त घोषणा पत्र अब हटा दिया गया है।
पात्र नागरिक voters.eci.gov.in या ECINET पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र के बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है।
स्कूल और कॉलेजों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब की ओर से आयोजित विशेष शिविरों में भी मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी जा सकती है।
करीब 42 लाख नाम हटाए गए थे
राजस्थान में SIR के बाद मतदाता सूची से कुल 41,84,819 मतदाताओं के नाम हटाए गए। यह संख्या प्रदेश के कुल मतदाताओं का करीब 7.66 प्रतिशत बताई गई है। इसके अलावा करीब 11 लाख मतदाताओं को दस्तावेज सत्यापन के लिए नोटिस जारी किए गए थे।
जयपुर-जोधपुर में सबसे ज्यादा नाम हटे
SIR के दौरान जयपुर और जोधपुर जिलों में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए थे। विधानसभा क्षेत्रों में झोटवाड़ा में सबसे अधिक नाम हटाए जाने की जानकारी दी गई है। वहीं भीलवाड़ा में 62 हजार से अधिक, सांगानेर में करीब 61 हजार और विद्याधर नगर में 57 हजार से अधिक नाम हटाए गए थे।
पात्र नागरिकों के लिए अब नाम दोबारा जुड़वाने का अवसर उपलब्ध है। आवेदन से पहले अपने नाम की वर्तमान मतदाता सूची में स्थिति की जांच करना उपयोगी रहेगा।