आयुष्मान आदर्श ग्राम पंचायत योजना: 18 स्वास्थ्य मानकों पर खरा उतरने वाली पंचायत को मिलेंगे 11 लाख

आयुष्मान आदर्श ग्राम पंचायत योजना: 18 स्वास्थ्य मानकों पर खरा उतरने वाली पंचायत को मिलेंगे 11 लाख
Spread the love

अजमेर। मुख्यमंत्री आयुष्मान आदर्श ग्राम पंचायत योजना के तहत बीकानेर और श्रीगंगानगर जिले की एक-एक ग्राम पंचायत का चयन मूल्यांकन के लिए किया गया है। बीकानेर की गुढ़ा और श्रीगंगानगर की नेतेवाला ग्राम पंचायत में योजना के तहत हुए कार्यों की जांच के लिए टीम पहुंचेगी। निर्धारित 18 स्वास्थ्य सूचकांकों पर शत-प्रतिशत अंक हासिल करने वाली पंचायत को सरकार की ओर से 11 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

योजना के तहत पंचायतों में स्वास्थ्य सेवाओं, बीमारियों की रोकथाम, पोषण, स्वच्छता और आयुर्वेदिक जीवनशैली को बढ़ावा देने के कार्यों का आकलन किया जाएगा। जांच कमेटी के अध्यक्ष जिला कलेक्टर होंगे। कमेटी की ओर से निरीक्षण के बाद रिपोर्ट तैयार कर आगे की प्रक्रिया के लिए भेजी जाएगी।

एनीमिया, बीपी और शुगर से लेकर टीकाकरण तक होगी जांच

योजना में कुल 18 स्वास्थ्य मानक निर्धारित किए गए हैं। इनमें महिलाओं और किशोरियों में एनीमिया की पहचान एवं उपचार, ग्रामीणों की बीपी और डायबिटीज स्क्रीनिंग, टीबी की पहचान और उपचार तथा तंबाकू मुक्त गांव के लिए जागरूकता जैसे बिंदु शामिल हैं। इसके साथ ही बच्चों का निर्धारित टीकाकरण, खसरा-रूबेला से बचाव, गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत एएनसी जांच और संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर भी जोर रहेगा।

60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की स्वास्थ्य जांच, मोतियाबिंद की पहचान एवं उपचार तथा पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना से जोड़ने की स्थिति भी जांची जाएगी।

हर परिवार का तैयार होगा स्वास्थ्य रिकॉर्ड

योजना के तहत केवल स्वास्थ्य शिविर आयोजित करना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि पंचायत के प्रत्येक परिवार का स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा। इसमें एनीमिया, ब्लड प्रेशर, शुगर, गर्भवती महिलाओं की जांच और बच्चों के टीकाकरण की स्थिति दर्ज होगी। ग्रामीणों को मौसम के अनुसार खानपान, दिनचर्या और व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।

आयुर्वेद के पांच पहलुओं पर भी रहेगा फोकस

मूल्यांकन में आयुर्वेदिक जीवनशैली को भी शामिल किया गया है। इसके तहत ग्रामीणों का प्रकृति परीक्षण कर वात, पित्त और कफ की जानकारी देना, ऋतुचर्या के अनुसार खानपान एवं दिनचर्या अपनाने के लिए जागरूक करना, औषधीय पौधों का संरक्षण, सुरक्षित घरेलू उपचार और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने जैसे कार्यों का आकलन होगा।

कई विभाग मिलकर करेंगे योजना का क्रियान्वयन

योजना में आयुष विभाग के साथ चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, वन तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की भी भूमिका निर्धारित की गई है। चिकित्सा विभाग बीपी, डायबिटीज और टीबी जैसी बीमारियों की जांच करेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग मातृ एवं शिशु पोषण, शिक्षा विभाग स्कूली बच्चों में स्वास्थ्य जागरूकता और वन विभाग औषधीय पौधों के संरक्षण में सहयोग करेगा।

चयन की प्रक्रिया भी निर्धारित

18 निर्धारित सूचकांकों पर शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करने के बाद ग्राम पंचायत स्तरीय समिति प्रस्ताव तैयार करेगी। इसके बाद ब्लॉक और जिला स्तरीय समितियों से अनुमोदन लिया जाएगा। अंतिम स्वीकृति राज्य स्तरीय समिति की ओर से दी जाएगी। सभी मानकों पर पात्र पाए जाने वाली पंचायत को 11 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

आयुर्वेद विभाग के निदेशक डॉ. आनंद कुमार शर्मा के अनुसार, बीकानेर और श्रीगंगानगर जिले से एक-एक ग्राम पंचायत का नाम प्राप्त हुआ है। दोनों पंचायतों में सरकार की ओर से निर्धारित 18 बिंदुओं पर किए गए कार्यों की जांच करवाई जा रही है। मानकों पर खरा उतरने पर दोनों पंचायतों को 11-11 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *