जिला प्रमुख चुनाव से पहले अजमेर में भाजपा की बाड़ाबंदी शुरू, प्रत्याशियों को पुष्कर के रिसॉर्ट में भेजा
अजमेर। जिला परिषद चुनाव की मतगणना से पहले अजमेर में भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की बाड़ाबंदी शुरू कर दी है। भाजपा जिला परिषद प्रत्याशियों को पार्टी कार्यालय में एकत्रित करने के बाद पुष्कर के एक रिसॉर्ट में भेजा गया है।
इस दौरान केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी और देहात जिला अध्यक्ष जीतमल प्रजापत सहित पार्टी के नेता मौजूद रहे।
जिला प्रमुख के चुनाव को देखते हुए भाजपा ने यह कदम उठाया है। मतगणना के बाद जीतने वाले जिला परिषद सदस्यों को आगे की रणनीति के तहत दूसरी जगह शिफ्ट किया जा सकता है। जिला प्रमुख चुनाव में मतदान से पहले सदस्यों को एकजुट रखने पर पार्टी का फोकस है।
गौरतलब है कि अजमेर जिला परिषद की 33 सीटों के लिए कुल 92 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। अब 20 नवंबर को आने वाले चुनाव परिणाम के बाद जिला प्रमुख पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।