पंचायत चुनाव: मतगणना तक बाड़ेबंदी में रहेंगे प्रत्याशी, हारने वालों को मिलेगी छुट्टी

पंचायत चुनाव: मतगणना तक बाड़ेबंदी में रहेंगे प्रत्याशी, हारने वालों को मिलेगी छुट्टी
Spread the love

जयपुर | दीपावली के त्योहार के बाद भाजपा और कांग्रेस ने जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनाव में अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने की कवायद तेज कर दी है। दोनों दलों ने 14 हजार से अधिक प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी शुरू कर दी है। वहीं, चौथे चरण का चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को 14 नवंबर को मतदान समाप्त होते ही होटल और रिसॉर्ट में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टियों को आशंका है कि ऐन वक्त पर बागी प्रत्याशी समीकरण बिगाड़ सकते हैं या विरोधी खेमा सेंधमारी कर सकता है। ऐसे में प्रशिक्षण शिविर और दीपावली मिलन के बहाने प्रत्याशियों को सुरक्षित ठिकानों पर रखा जा रहा है।

इस बार राजनीतिक दल केवल प्रत्याशियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके परिवार के सदस्यों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। मतगणना के बाद परिवार के लोगों पर निगरानी और बढ़ाई जाएगी। बाड़ेबंदी की जिम्मेदारी जिलाध्यक्षों और विधायकों को सौंपी गई है।

निकाय चुनाव के अनुभव से लिया सबक, 20 नवंबर तक बाड़ेबंदी

पिछले निकाय चुनावों में कई जगह निर्दलीय और बागी प्रत्याशियों के पाला बदलने से राजनीतिक दलों को नुकसान उठाना पड़ा था। इसी अनुभव को देखते हुए इस बार पंचायत चुनाव में 20 नवंबर को होने वाली मतगणना तक प्रत्याशियों को एक साथ रखने की रणनीति अपनाई गई है। पार्टियां इसे चुनावी प्रक्रिया का प्रशिक्षण और रणनीतिक बैठक बता रही हैं, लेकिन इसके पीछे मुख्य उद्देश्य चुनाव के बाद होने वाले जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव तक अपने समर्थित सदस्यों को एकजुट रखना है।

होटल और रिसॉर्ट में ठहराए प्रत्याशी

जिला परिषद और पंचायत समिति के प्रत्याशियों को पहले भाजपा कार्यालयों में बुलाया गया। इसके बाद उन्हें होटल, फार्म हाउस और रिसॉर्ट में शिफ्ट किया गया। अजमेर जिला परिषद के भाजपा प्रत्याशियों को पुष्कर के रिसॉर्ट में ठहराया गया है। सीकर जिला परिषद के प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी अजमेर के किशनगढ़ में की गई है। मतगणना के बाद जीतने वाले प्रत्याशियों को दूसरी जगह शिफ्ट करने की भी तैयारी है।

इसी तरह जोधपुर के भाजपा प्रत्याशियों को बालोतरा में रखा गया है। रैणी पंचायत समिति के प्रत्याशियों की जयपुर में बाड़ेबंदी की गई है, जबकि जयपुर दक्षिण के प्रत्याशियों को पहले पार्टी कार्यालय बुलाने के बाद होटल में शिफ्ट किया गया।

जीतने वाले प्रत्याशी ही आएंगे बाहर

मतगणना के बाद जीतने वाले प्रत्याशियों को जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए बाड़ेबंदी से बाहर लाया जाएगा। वहीं, हारने वाले प्रत्याशियों को बाड़ेबंदी से मुक्त कर दिया जाएगा।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *