19 सीटें जीतने के बाद भी भाजपा ने की बाड़ाबंदी: जिला प्रमुख चुनाव तक दूसरे जिले में रहेंगे विजेता सदस्य

19 सीटें जीतने के बाद भी भाजपा ने की बाड़ाबंदी: जिला प्रमुख चुनाव तक दूसरे जिले में रहेंगे विजेता सदस्य
Spread the love

अजमेर। अजमेर जिला परिषद चुनाव में 33 में से 19 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल करने के बावजूद भाजपा ने जिला प्रमुख के चुनाव तक अपने विजेता सदस्यों की बाड़ाबंदी कर दी है। पार्टी को इस बार बहुमत मिलने के बाद भी पिछले चुनाव का अनुभव सतर्क रहने के लिए मजबूर कर रहा है। भाजपा ने अपने सभी 19 विजेता प्रत्याशियों को जयपुर से दूसरे जिले में शिफ्ट कर दिया है। उनके मोबाइल फोन भी रखवा लिए गए हैं और उन्हें नई जगह की जानकारी तक नहीं दी गई है।

चुनाव परिणाम आने के बाद जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, चुनाव प्रभारी बालमुकुंदाचार्य और संभाग के सह चुनाव प्रभारी विष्णु चेतानी विजेता प्रत्याशियों से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सभी सदस्यों को जीत की बधाई दी। भाजपा जिला देहात अध्यक्ष जीतमल प्रजापति भी प्रत्याशियों के साथ मौजूद रहे।

बहुमत के बावजूद भाजपा क्यों बरत रही सावधानी?

जिला परिषद में भाजपा ने 19 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है। 33 सदस्यीय जिला परिषद में जिला प्रमुख का चुनाव जीतने के लिए कम से कम 17 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में भाजपा के पास बहुमत से दो सीटें अधिक हैं। इसके बावजूद पार्टी किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती।

भाजपा की रणनीति सभी विजेता सदस्यों को एकजुट रखने और जिला प्रमुख एवं उप जिला प्रमुख के चुनाव तक उन्हें साथ रखने की है। अब पार्टी की ओर से विजेता सदस्यों के बीच रायशुमारी कर जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के चेहरे तय किए जाएंगे।

पिछले चुनाव में बहुमत के बावजूद भाजपा हार गई थी

भाजपा की इस सतर्कता के पीछे वर्ष 2020-21 के जिला परिषद चुनाव का अनुभव अहम माना जा रहा है। पिछले चुनाव में भाजपा ने 21 वार्डों में जीत दर्ज की थी, लेकिन जिला प्रमुख के चुनाव में उसके प्रत्याशी महेंद्र सिंह को केवल 9 सदस्यों का समर्थन मिला था।

वहीं निर्दलीय प्रत्याशी सुशील कंवर पलाड़ा ने 23 सदस्यों के समर्थन से जिला प्रमुख का चुनाव जीत लिया था। उप जिला प्रमुख का पद भी निर्दलीय प्रत्याशी हगामी लाल के खाते में गया था। बहुमत वाली पार्टी के हाथ से दोनों पद निकल जाने के इसी अनुभव को देखते हुए भाजपा इस बार पहले से सतर्क नजर आ रही है।

जिला परिषद चुनाव : पिछले और इस बार का गणित

विवरण2020-212026
भाजपा की जीती सीटें2119
जिला प्रमुख चुनाव में बहुमत का आंकड़ा1717
भाजपा प्रत्याशी को मिले समर्थन9चुनाव होना बाकी
जिला प्रमुख निर्वाचितसुशील कंवर पलाड़ाचुनाव होना बाकी

10 पंचायत समितियों के सदस्यों की भी बाड़ाबंदी

जिला परिषद के साथ जिले की 10 पंचायत समितियों के विजेता सदस्यों की भी बाड़ाबंदी की गई है। अलग-अलग पंचायत समितियों के प्रत्याशियों को अलग-अलग स्थानों पर रखा गया है। इनमें कुछ सदस्य पुष्कर, जयपुर, भीलवाड़ा और सवाई माधोपुर में हैं।

पंचायत समितियों में भी कई जगह स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के कारण बोर्ड गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। ऐसे में भाजपा अपने विजेता सदस्यों को एकजुट रखने की रणनीति पर काम कर रही है।

अब जिला प्रमुख के चेहरे पर रहेगी नजर

भाजपा के सामने अब जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के पदों पर अपने प्रत्याशियों को जिताने की चुनौती है। 19 सदस्यों के समर्थन के साथ पार्टी के पास बहुमत जरूर है, लेकिन पिछले चुनाव की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संगठन पूरी सतर्कता बरत रहा है।

अब देखना होगा कि भाजपा किस सदस्य को जिला प्रमुख पद का चेहरा बनाती है और रायशुमारी के बाद पार्टी के भीतर किस नाम पर सहमति बनती है। जिला प्रमुख के चुनाव तक सदस्यों की बाड़ाबंदी और राजनीतिक रणनीति अजमेर की ग्रामीण राजनीति का प्रमुख केंद्र बनी रहेगी।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *