पंचायत चुनाव में जीत के बाद गांवों में जश्न, चावंडिया के नवनिर्वाचित सरपंच ने निकाली देवधाम देवमाली तक पैदल यात्रा
अजमेर। पंचायती राज चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जीत का जश्न देखने को मिल रहा है। कहीं नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के स्वागत में जुलूस निकाले जा रहे हैं तो कहीं समर्थक धार्मिक यात्रा और आतिशबाजी के जरिए खुशी जाहिर कर रहे हैं।
चावंडिया में सरपंच की जीत पर देवधाम तक पैदल यात्रा
नवसृजित ग्राम पंचायत चावंडिया में नवनिर्वाचित सरपंच सुखदेव नायक की जीत पर ग्रामीणों ने देवधाम देवमाली तक पैदल यात्रा निकाली। चावंडिया सहित जालखेड़ा, केरिया और गणेशमगरी के ग्रामीण हाथों में ध्वज लेकर भक्ति गीतों और ढोल की धुन पर नाचते-गाते रवाना हुए। रास्ते में ग्रामीणों ने सरपंच सुखदेव नायक का माला पहनाकर और साफा बांधकर स्वागत किया।
सांपला में भाजपा की जीत की हैट्रिक
सांपला में भाजपा ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर अपना दबदबा बरकरार रखा। भाजपा प्रत्याशी रिंकू गोदारा की जीत पर कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। भाजपा नेता प्रेम शंकर शर्मा के अनुसार, सरवाड़ पंचायत समिति में भाजपा का बहुमत होने से प्रधान पद पर भी पार्टी का दावा है। प्रधान पद की दौड़ में रिंकू गोदारा, गिरधर सिंह, दुदाराम कीर और सरोज देवी मेवाड़ा के नाम चर्चा में हैं।
विभिन्न क्षेत्रों में समर्थकों ने मनाई जीत की खुशी
दिलवाड़ी में जिला परिषद वार्ड 24 से भाजपा प्रत्याशी मुकेश चौधरी की जीत पर समर्थकों ने खुशी जाहिर की। वहीं कुशायता में पंचायत समिति सावर के वार्ड 7 से कांग्रेस प्रत्याशी प्रेम देवी खारोल की जीत पर आतिशबाजी की गई। गोरधा आमली वार्ड 6 से सीमा देवी मीणा और पिपलाज-सोकिया का खेड़ा से पिंकी कुमावत की जीत पर भी समर्थकों ने जश्न मनाया।
इसी तरह पंचायत समिति श्रीनगर के वार्ड 3 से RLP प्रत्याशी सुरेन्द्र कुमार चौधरी ने 419 मतों से जीत दर्ज की। उनकी जीत पर गादेरी गांव में समर्थकों ने खुशी जताई।
25 नवंबर को जिला प्रमुख, 27 को प्रधान का चुनाव
पंचायती राज चुनाव के परिणाम आने के बाद अब जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान के निर्वाचन की तैयारियां तेज हो गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को पंचायत समितियों के प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान के चुनाव होंगे।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत सुबह 10 से 11 बजे तक नामांकन, 11:30 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच और दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी होगी। इसके बाद दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।