चुनाव हारीं तो उतरवा लीं 50 रोड लाइटें! नतीजे के 3 घंटे बाद पहुंची बिजली निगम की टीम, ग्रामीणों ने उठाए सवाल

चुनाव हारीं तो उतरवा लीं 50 रोड लाइटें! नतीजे के 3 घंटे बाद पहुंची बिजली निगम की टीम, ग्रामीणों ने उठाए सवाल
Spread the love

पीपलू। चुनाव जीतने के लिए गांवों को रोशन करने वाली रोड लाइटें चुनाव परिणाम आते ही उतरवा ली गईं। मामला पीपलू पंचायत समिति के वार्ड नंबर 2 का है, जहां भाजपा प्रत्याशी प्रियंका शर्मा की हार के बाद करीब 50 रोड लाइटें हटाने की कार्रवाई की गई। हैरानी की बात यह है कि ये लाइटें चुनाव प्रचार के दौरान 24 अक्टूबर को लगाई गई थीं और शुक्रवार को नतीजे आने के महज तीन घंटे बाद बिजली निगम की टीम उन्हें खोलने पहुंच गई।


प्रियंका शर्मा निवाई विधायक रामसहाय वर्मा के पीए आलोक शर्मा की पत्नी हैं। चुनाव में उन्हें 751 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार, चुनाव प्रचार के दौरान गांवों, ढाणियों और कॉलोनियों में अंधेरा देखकर ये रोड लाइटें लगवाई गई थीं। इससे रात के समय लोगों को रोशनी मिलने लगी थी।

नतीजे आए और तीन घंटे बाद उतरने लगीं लाइटें

वार्ड पंच कजोड़ प्रजापत के अनुसार, चावंडिया क्षेत्र की कॉलोनियों और ढाणियों में लगाई गई लाइटों से ग्रामीणों को सुविधा मिल रही थी। लेकिन चुनाव परिणाम घोषित होने के कुछ घंटे बाद ही बिजली निगम पीपलू की टीम मौके पर पहुंची और करीब 50 रोड लाइटें खोलकर ले गई।

ग्रामीणों का सवाल- 29 दिन तक क्यों नहीं दिखीं लाइटें?

लाइटें हटाने की कार्रवाई देखकर ग्रामीणों ने विरोध जताया। उनका सवाल है कि यदि लाइटें अवैध तरीके से लगाई गई थीं तो बिजली विभाग ने इन्हें लगाने के समय कार्रवाई क्यों नहीं की? करीब 29 दिनों तक विभाग को इनकी जानकारी क्यों नहीं हुई और चुनाव परिणाम आने के बाद ही इन्हें हटाने की कार्रवाई क्यों की गई?

बिजली निगम बोला- अवैध रूप से लगाई गई थीं लाइटें

बिजली निगम पीपलू के एईएन गोवर्धन चौधरी ने बताया कि रोड लाइटें अवैध रूप से लगाई गई थीं। इन्हें किसने लगाया, इसकी जानकारी नहीं है। टीम को एक दिन पहले ये लाइटें नजर आई थीं, जिसके बाद इन्हें हटाया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान लोग अक्सर इस तरह की लाइटें लगा देते हैं, जबकि ऐसा करना गलत है।

फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों के बीच सवाल उठ रहे हैं। एक तरफ बिजली निगम इसे अवैध कनेक्शन से जुड़ी कार्रवाई बता रहा है, वहीं ग्रामीण चुनाव परिणाम के तुरंत बाद हुई कार्रवाई के समय पर सवाल उठा रहे हैं।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *