ब्यावर की 7 पंचायत समितियों में आज प्रधान चुनाव, 6 में कांग्रेस का बहुमत

ब्यावर की 7 पंचायत समितियों में आज प्रधान चुनाव, 6 में कांग्रेस का बहुमत
Spread the love

ब्यावर। ब्यावर जिले की सात पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए शुक्रवार (27 नवंबर) को चुनाव होंगे। चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। वहीं भाजपा और कांग्रेस दोनों दल अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए रणनीति बनाने में जुटे हैं।

सात पंचायत समितियों में से छह में कांग्रेस को बहुमत मिला है, जबकि जवाजा पंचायत समिति में भाजपा को स्पष्ट बहुमत हासिल हुआ है। ऐसे में प्रधान चुनाव में कांग्रेस की नजर अपने छह बहुमत वाले क्षेत्रों में जीत बरकरार रखने पर है। हालांकि, नरबदखेड़ा और रायपुर जैसी पंचायत समितियों में निर्दलीय सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।

जैतारण और रास में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत

कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत के गृह क्षेत्र जैतारण और रास पंचायत समितियों में कांग्रेस को बहुमत मिला है। जैतारण में 21 वार्डों में से कांग्रेस ने 13 सीटें जीती हैं, जबकि भाजपा को 6 और निर्दलीयों को 2 सीटें मिली हैं।

नवसृजित रास पंचायत समिति में कांग्रेस के 11, भाजपा के 5 और निर्दलीय का एक सदस्य निर्वाचित हुआ है। इन दोनों पंचायत समितियों में पूर्व मंत्री एवं जैतारण के पूर्व विधायक सुरेंद्र गोयल कांग्रेस की ओर से चुनावी रणनीति संभाल रहे हैं।

नरबदखेड़ा में निर्दलीय सदस्यों पर नजर

नवसृजित नरबदखेड़ा पंचायत समिति के 15 वार्डों में कांग्रेस ने 7, भाजपा ने 6 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की है। इनमें एक निर्दलीय के भाजपा और दूसरे के कांग्रेस के समर्थन में जाने की चर्चा है।

विधायक शंकर सिंह रावत की नजर भी नरबदखेड़ा के चुनाव पर है। यहां भाजपा की रणनीति सफल रहने पर उनके समर्थक वीरेंद्र सिंह रावत के प्रधान पद तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। वहीं कांग्रेस भी अपना प्रधान बनाने की कोशिश में है।

मसूदा और बदनोर में कांग्रेस के पास बहुमत

मसूदा पंचायत समिति में कांग्रेस को 13, भाजपा को 11 और आरएलपी को एक सीट मिली है। कांग्रेस के पास बहुमत होने के कारण यहां प्रधान पद के लिए उसकी स्थिति स्पष्ट है।

बदनोर पंचायत समिति में कांग्रेस ने 8 और भाजपा ने 7 सीटें जीती हैं। यहां भी कांग्रेस के पास बहुमत है। हालांकि, चुनाव के दौरान सदस्यों की एकजुटता महत्वपूर्ण रहेगी।

रायपुर में निर्दलीय की भूमिका अहम

रायपुर पंचायत समिति में कांग्रेस को 10, भाजपा को 9 और एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी के खाते में गई है। ऐसे में निर्दलीय सदस्य का समर्थन प्रधान चुनाव में महत्वपूर्ण होगा। निर्दलीय के कांग्रेस के पक्ष में जाने पर कांग्रेस को जीत मिल सकती है, जबकि भाजपा के समर्थन में जाने पर मुकाबला बराबरी का हो सकता है।

जवाजा में भाजपा को बहुमत

ब्यावर जिले की जवाजा पंचायत समिति में भाजपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। ऐसे में यहां प्रधान पद पर भाजपा का प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहेगा।

27 को प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान का चुनाव

ब्यावर जिला निर्वाचन अधिकारी कमलराम मीना के अनुसार जिले की सात पंचायत समितियों में प्रधान और उप प्रधान के निर्वाचन के लिए निर्वाचित सदस्यों की बैठक 27 और 28 नवंबर को निर्धारित स्थलों पर होगी।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 1 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। आवश्यकता होने पर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा।

27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान का चुनाव होगा।

एसडीएम और एएसपी ने लिया चुनावी तैयारियों का जायजा

नरबदखेड़ा पंचायत समिति में प्रधान एवं उप प्रधान चुनाव को लेकर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने निर्वाचन स्थल का निरीक्षण किया। एसडीएम ब्यावर जयपाल सिंह राठौड़ और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुकृति उज्जैनिया ने भारत निर्माण सेवा केंद्र स्थित पंचायत समिति सभागार में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों से चुनावी तैयारियों की जानकारी ली और निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के निर्देश दिए। साथ ही कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *