ब्यावर में भाजपा के टीकमसिंह बने उप जिला प्रमुख, कांग्रेस की प्यारीदेवी को एक वोट से हराया
ब्यावर। ब्यावर जिला परिषद में उप जिला प्रमुख पद पर भाजपा के प्रत्याशी एडवोकेट टीकमसिंह निर्वाचित हुए हैं। गुरुवार को हुए चुनाव में उन्होंने कांग्रेस की प्रत्याशी प्यारीदेवी को एक वोट से हराया। टीकमसिंह को 15 और प्यारीदेवी को 12 मत मिले।
जिला प्रमुख चुनाव में एक वोट से हार का सामना करने वाली भाजपा ने उप जिला प्रमुख चुनाव में एक वोट से जीत दर्ज की। जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस को मिली जीत के बाद उप जिला प्रमुख पद के परिणाम ने दोनों दलों के बीच मुकाबले को बराबरी पर ला दिया।
27 सदस्यीय जिला परिषद में बदला वोटों का गणित
ब्यावर जिला परिषद में कुल 27 सदस्य हैं। इनमें भाजपा के 14 और कांग्रेस के 13 सदस्य हैं। इसके बावजूद उप जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को 15 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 12 वोट मिले। परिणाम के अनुसार भाजपा को अपने सदस्य संख्या से एक अतिरिक्त वोट मिला।
जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने एक वोट से जीत दर्ज की थी। वहीं उप जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा प्रत्याशी ने एक वोट से जीत हासिल की।
मतदान के दौरान दोनों दलों के पदाधिकारी रहे मौजूद
चुनाव के दौरान भाजपा और कांग्रेस के पदाधिकारी मतदान स्थल पर मौजूद रहे। दोनों दलों ने अपने-अपने सदस्यों को एक साथ मतदान करवाया। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी कमलराम मीणा की मौजूदगी में मतगणना कराई गई और परिणाम घोषित किया गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
टीकमसिंह की जीत की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ढोल-ढमाकों के साथ उनका स्वागत किया और फूल-मालाएं पहनाकर बधाई दी।
टीकमसिंह ब्यावर विधायक शंकरसिंह रावत के विधि सलाहकार हैं। चुनाव के दौरान भाजपा की ओर से जिलाध्यक्ष आशीष सांड, विधायक शंकरसिंह रावत और चुनाव प्रभारी विमल अग्रवाल सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं कांग्रेस की ओर से पूर्व मंत्री सुरेंद्र गोयल, चुनाव प्रभारी हरसहाय यादव, सहप्रभारी नरेश चौधरी, जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी और आशीषपाल पदावत सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।