मेटों ने एक ही फोटो से दर्ज की उपस्थिति, दो को हटाया
मनरेगा योजना के तहत चल रहे कार्यों में मेटों द्वारा NMMS एप से दर्ज की जा रही उपस्थिति की जांच में गड़बड़ी सामने आई है। पीसांगन पंचायत समिति कार्यालय ने 20 मई को आदेश जारी कर दांतड़ा पंचायत के 2 मेटों को तत्काल प्रभाव से कार्य से हटा दिया है।इसके साथ ही उनसे तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। जांच में पाया गया कि मेट मोहनलाल ने नया तालाब की गाद निकासी कार्य में एक ही व्यक्ति की फोटो अलग-अलग मस्टररोल में दर्जकी। मेट घीसू सिंह ने रेवत खेजड़ा एनिकट के सुदृढ़ीकरण कार्य में भी एक ही व्यक्ति की फोटो अलग-अलग मस्टररोल में दर्ज की। इसके अलावा मस्टररोल संख्या 4579 में 5 श्रमिकों की फोटो अपलोड की गई, जबकि उपस्थिति 8 श्रमिकों की दर्ज की गई। सारस नाड़ी की गाद निकासी कार्य में भी फोटो दोहराई गई। कार्यालय ने निर्देश दिए हैं कि सभी मेट कार्यालय में उपलब्ध रिकॉर्ड का अवलोकन कर तीन दिन में जवाब दें। जवाब संतोषजनक नहीं होने या जवाब नहीं देने की स्थिति में आगे की कार्रवाई की जाएगी।