भीलवाड़ा को मिली सीधी ट्रेन की सौगात, अब हर दिन दौड़ेगी ट्रेन हैदराबाद तक
भव्य शुरुआत शनिवार को, 30 से ज्यादा स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन, भीलवाड़ा स्टेशन से पहली बार सीधा कनेक्शन
भीलवाड़ा / प्रतीक पाराशर । रेलवे यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। भीलवाड़ा से हैदराबाद के लिए अब हर दिन ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। शनिवार को जोधपुर (भगत की कोठी) से काचीगुड़ा (हैदराबाद) के बीच इस नई ट्रेन का उद्घाटन होगा। सोमवार से ट्रेन का नियमित संचालन शुरू होगा।
रेलवे की इस नई पहल से न सिर्फ राजस्थान बल्कि दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले हज़ारों यात्रियों को राहत मिलेगी। अभी तक भीलवाड़ा से हैदराबाद के लिए कोई प्रतिदिन सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं थी।
उत्तर पश्चिम रेलवे जोनल सलाहकार समिति के सदस्य वीके मानसिंहका ने बताया कि “लंबे समय से यात्रियों की यह मांग थी। अब यह ऐतिहासिक फैसला लिया गया है जो दोनों राज्यों के बीच व्यापार, पर्यटन और पारिवारिक यात्राओं को मजबूत करेगा।”
क्या है ट्रेन का शेड्यूल और टाइमिंग
- उद्घाटन के रूप में गाड़ी संख्या 07615 काचीगुड़ा–भगत की कोठी शनिवार शाम 5:30 बजे काचीगुड़ा से रवाना होगी और सोमवार सुबह 11:30 बजे भगत की कोठी (जोधपुर) पहुंचेगी।
- यह ट्रेन भीलवाड़ा स्टेशन पर रविवार सुबह 3:25 बजे आएगी और 3:30 बजे रवाना होगी।
वापसी में, गाड़ी संख्या 07616 भगत की कोठी–काचीगुड़ा ट्रेन सोमवार रात 10:30 बजे रवाना होकर बुधवार दोपहर 3:40 बजे काचीगुड़ा पहुंचेगी।
- यह ट्रेन भीलवाड़ा में मंगलवार सुबह 5:55 बजे पहुंचेगी।
किन-किन स्टेशनों पर होगा स्टॉपेज
इस ट्रेन का स्टॉपेज कुल 30 से अधिक प्रमुख स्टेशनों पर होगा, जिनमें शामिल हैं:
काचीगुड़ा, निजामाबाद, हजूर साहिब नांदेड़, पूर्णा, हिंगोली, वाशिम, अकोला, मलकापुर, खंडवा, इटारसी, नर्मदापुरम, रानी कमलापति, संत हिरदाराम नगर, सीहोर, मक्सी, उज्जैन, रतलाम, जावरा, मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, बिजयनगर, नसीराबाद, अजमेर, ब्यावर, सोजत रोड, मारवाड़ जंक्शन, पाली मारवाड़ और अंत में भगत की कोठी (जोधपुर)।
स्थानीय व्यापारियों और यात्रियों में उत्साह
भीलवाड़ा में इस ट्रेन को लेकर व्यापारियों और आम लोगों में खासा उत्साह देखा गया है। व्यापार मंडलों का कहना है कि यह सीधा कनेक्शन दक्षिण भारत में कपड़ा उद्योग, टाइल्स और औद्योगिक उत्पादों की पहुंच बढ़ाएगा।
स्थानीय व्यापारी रवि टांक कहते हैं – “हमें हैदराबाद तक सीधे माल भेजने और लाने में अब समय और लागत दोनों की बचत होगी। यह ट्रेन भीलवाड़ा के व्यापारिक विकास को नई रफ्तार देगी।”
टूरिज्म और पारिवारिक यात्राओं को मिलेगा बढ़ावा
हैदराबाद, नांदेड़, उज्जैन जैसे धार्मिक और पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली यह ट्रेन सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी मजबूत करेगी। परिवारों के लिए यह सफर पहले की तुलना में अब ज्यादा सुलभ और सुविधाजनक होगा।