अजमेर: ग्राम पंचायत भाटोलाव की सरपंच, पति और काका ससुर पर 1.08 करोड़ गबन का मुकदमा दर्ज
अजमेर।
जिले की ग्राम पंचायत भाटोलाव में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला उजागर हुआ है। न्यायालय के आदेश पर सरवाड़ थाना पुलिस ने ग्राम पंचायत सरपंच खुशबू नागर, उनके पति भागचंद धाकड़ और काका ससुर व विकास अधिकारी प्रधान धाकड़ के खिलाफ गबन और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
आरोप है कि वर्ष 2021-22 और 2022-23 की ऑडिट रिपोर्ट में पंचायत द्वारा किए गए कार्यों में 1 करोड़ 08 लाख 21 हजार रुपये का भुगतान बिना कार्य कराए किया गया। साथ ही कुछ कामों में 1 लाख रुपये अधिक भुगतान किए जाने का भी खुलासा हुआ।
ऑडिट रिपोर्ट से खुलासा
परिवादी राम प्रसाद जाट ने एडवोकेट राजेन्द्र अग्रवाल के जरिए अदालत में परिवाद पेश किया था। रिपोर्ट के अनुसार 31 दिसंबर 2021 को एक ही दिन में 275 पट्टे जारी कर राजकोष को नुकसान पहुंचाया गया। परिवादी ने आरोप लगाया कि पट्टा वितरण में भी भ्रष्टाचार हुआ है, जिसकी जांच से बड़े घोटाले का पर्दाफाश संभव है।
दस्तावेज़ों की जांच की मांग
परिवादी ने अदालत से आग्रह किया है कि पंचायत के सभी रिकॉर्ड, मस्टरोल, एम.बी पुस्तिका, जॉब कार्ड, टेंडर रिकॉर्ड, भुगतान व अन्य दस्तावेजों की जांच कराई जाए। उनका कहना है कि इससे अन्य कर्मचारियों की संदिग्ध भूमिका भी सामने आ सकती है।
पहले पुलिस अधीक्षक से की थी शिकायत
राम प्रसाद जाट ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना सरवाड़ को एफआईआर दर्ज कर जांच करने के आदेश दिए।