अजमेर के समग्र विकास को लेकर भागीरथ चौधरी की केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और नागरिक उद्यान मंत्री किंजारापु नायडू से अहम मुलाकात, सड़क कनेक्टिविटी और किशनगढ़ एयरपोर्ट विस्तार पर मिला सकारात्मक आश्वासन
रोड़ कनेक्टिविटी और किशनगढ़ एयरपोर्ट के लिए भागीरथ चौधरी की मंत्री गडकरी और उड्डयन मंत्री नायडू से मुलाकात
अजमेर के समग्र विकास को लेकर भागीरथ चौधरी की केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और नागरिक उद्यान मंत्री किंजारापु नायडू से अहम मुलाकात, सड़क कनेक्टिविटी और किशनगढ़ एयरपोर्ट विस्तार पर मिला सकारात्मक आश्वासन
नई दिल्ली / अजमेर, 18 दिसंबर 2025
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने आज संसद भवन स्थित कार्यालय में अजमेर संसदीय क्षेत्र से जुड़े दो अत्यंत महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा विषयों को लेकर केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों से अलग-अलग मुलाकात की। इन बैठकों में सड़क कनेक्टिविटी के साथ-साथ हवाई यातायात सुविधाओं के विस्तार को लेकर पूर्व में रखी गई मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई, जिस पर दोनों मंत्रियों ने सकारात्मक रुख अपनाया।
नितिन गडकरी से सड़क मार्ग विकास की मांग : केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर उन्हें पहले लिखे गए पत्रों की याद दिलाते हुए अजमेर–पुष्कर घाटी मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव और दुर्घटनाओं को देखते हुए वैकल्पिक टनल निर्माण अथवा सड़क चौड़ीकरण व चार लेन उन्नयन की मांग दोहराई। साथ ही राजस्थान स्टेट हाईवे संख्या–2 (दौसा–दूदू–नागौर) को राष्ट्रीय राजमार्ग में क्रमोन्नत करने का विषय भी उठाया। मंत्री गडकरी ने दोनों प्रस्तावों को लेकर शीघ्र विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का सकारात्मक आश्वासन दिया।
किशनगढ़ हवाई अड्डे में सुविधाओं को लेकर नायडू से मुलाकात : इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने संसद भवन स्थित कार्यालय में नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पूर्व में भेजे गए पत्र का हवाला देते हुए किशनगढ़ हवाई अड्डे के विस्तार एवं विकास से जुड़े लंबित मुद्दों पर चर्चा की। मंत्री चौधरी ने बताया कि हवाई अड्डे के रनवे विस्तार में बाधा बन रही रनवे 23 छोर पर स्थित टूकड़ा पहाड़ी की दो चोटियों की ऊंचाई कम किए जाने, भूमि आवंटन तथा अन्य तकनीकी विषय भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण में निर्णयार्थ लंबित हैं। उन्होंने राजस्थान सरकार से समन्वय कर इन मामलों का शीघ्र निस्तारण कराने का अनुरोध किया। नागरिक उड्डयन मंत्री नायडू ने किशनगढ़ हवाई अड्डे के महत्व को स्वीकार करते हुए संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई और समन्वय का आश्वासन दिया।
क्षेत्र का सर्वांगीण विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता : केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि सड़क और हवाई संपर्क किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होते हैं। पुष्कर घाटी मार्ग, स्टेट हाईवे–2 और किशनगढ़ एयरपोर्ट से जुड़े ये निर्णय अजमेर, पुष्कर और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सकारात्मक रुख से अजमेर संसदीय क्षेत्र को शीघ्र ही आधुनिक और सुदृढ़ कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।