साप्ताहिक समन्वय बैठक आयोजितविकसित भारत-जन सेवा अभियान-2026 के तहत शिविरों में अधिक से अधिक लोगों को करें लाभान्वितप्रतिदिन की गतिविधियां पोर्टल पर अपलोड करने के दिए निर्देशजिला कलक्टर ने दिए प्रगति बढ़ाने के निर्देश
साप्ताहिक समन्वय बैठक आयोजित
विकसित भारत-जन सेवा अभियान-2026 के तहत शिविरों में अधिक से अधिक लोगों को करें लाभान्वित
प्रतिदिन की गतिविधियां पोर्टल पर अपलोड करने के दिए निर्देश
जिला कलक्टर ने दिए प्रगति बढ़ाने के निर्देश
अजमेर, 22 सितम्बर। जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में मंगलवार को साप्ताहिक समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए विकसित भारत-जन सेवा अभियान-2026 के तहत आयोजित किए जा रहे जन सेवा शिविरों की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई। बैठक में विकसित भारत-जन सेवा अभियान-2026 के तहत प्रतिदिन होने वाली गतिविधयों एवं शिविरों के विभिन्न बिन्दुओं की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने नोडल अधिकारियों एवं समस्त विभागीय अधिकारियों को अभियान को प्राथमिकता देते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा शिविरों में अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के तहत आयोजित शिविरों में अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान की गति बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय अधिकारी अपने-अपने विभाग के ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ नियमित बैठक कर अभियान की प्रगति की समीक्षा करें तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करें।
उन्होंने अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों की पोर्टल पर नियमित एवं दैनिक अपलोडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन विभागों द्वारा अभी तक गतिविधियां अपलोड नहीं की गई हैं, वे लंबित गतिविधियों को शीघ्र पोर्टल पर अपलोड करें। साथ ही प्रतिदिन आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी भी उसी दिन पोर्टल पर दर्ज की जाए।
जिला कलक्टर ने कम प्रगति वाले विभागों को आगामी तीन दिवस में अपेक्षित सुधार लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन सेवा शिविरों की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए संबंधित नोडल अधिकारी नियमित रूप से शिविर स्थलों का निरीक्षण करें और आमजन को मिल रही सेवाओं एवं योजनाओं के लाभ की जानकारी लेकर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के पास अभियान की गतिविधियों एवं कार्यक्रमों को अधिक संख्या में पोर्टल पर अपलोड करने की पर्याप्त संभावनाएं हैं। इन विभागों को अभियान की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते हुए प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज समस्त प्रकरणों को निस्तारित किया जाना चाहिए। समस्त विभाग सम्पर्क पोर्टल के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त कर सूचना तत्काल भिजवाएं। साथ ही शून्य पेंडिंग प्रकरण का लक्ष्य लेकर कार्य करें। इसके लिए अपने कार्यालय में एक टीम गठित कर पोर्टल पर प्राप्त होने वाली नई शिकायतें 30 दिन में निस्तारित करवाया जाना सुनिश्चित करें। अधिक पेण्डेन्सी वाले अधिकारियों से जिला स्तरीय अधिकारी सम्पर्क कर पेण्डेन्सी खत्म कराएं। संतुष्ट होने वाले परिवादी का फीडबैक कार्य पूर्ण करवाएं। प्रत्येक जिला स्तरीय अधिकारी प्रति सप्ताह कम से कम 10 असंतुष्ट प्रकरणों की मॉनिटरिंग करेंगे। प्रकरण बकाया रखने वाले अधिकारियों एवं कार्मिकों पर कार्यवाही की जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय एवं स्टार मार्क प्रकरणों को प्राथमिकता से निस्तारित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं से संबंधित जिला स्तर पर अपेक्षित कार्यवाही के बारे में जिला मुख्यालय से लगातार सम्पर्क में रहे। इन पर किए गए कार्यों में प्रगति को अपडेट करें। विभागीय अधिकारी बजट घोषणाओं पर आवश्यक कार्यवाही लगातार करते रहे।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. अभिषेक गोयल एवं श्रीमती वन्दना खोरवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।