अजमेर में आज चुना जाएगा जिला प्रमुख, भाजपा से पूजा भंसाली तो कांग्रेस से दशरथ कंवर मैदान में
अजमेर। अजमेर जिला परिषद को आज नया जिला प्रमुख मिलने जा रहा है। जिला प्रमुख पद के लिए भाजपा ने पूजा भंसाली और कांग्रेस ने दशरथ कंवर को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के बीच अब सीधा मुकाबला होगा। जिला प्रमुख का पद महिला के लिए आरक्षित है।
अजमेर जिला परिषद की कुल 33 सीटों में भाजपा ने 19 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। कांग्रेस को 12 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) को 2 सीटें मिली हैं। ऐसे में भाजपा के पास जिला प्रमुख बनाने के लिए आवश्यक संख्याबल मौजूद है।
सुबह 10 बजे शपथ, फिर शुरू होगी निर्वाचन प्रक्रिया
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे जिला परिषद के सभी 33 निर्वाचित सदस्यों की बैठक होगी। इसमें नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद सुबह 11 बजे से जिला प्रमुख पद के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे। सुबह 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा दोपहर 1 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। यदि एक से अधिक प्रत्याशी मैदान में रहते हैं तो दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक गुप्त मतदान कराया जाएगा। मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
भाजपा ने पूजा भंसाली पर लगाया दांव
भाजपा ने जिला प्रमुख पद के लिए पूजा भंसाली को प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी के पास जिला परिषद में 19 सदस्यों का समर्थन है, जबकि बहुमत के लिए 17 सदस्यों की आवश्यकता है। अब पार्टी की कोशिश अपने सभी निर्वाचित सदस्यों को एकजुट रखते हुए जिला प्रमुख का चुनाव जीतने की है।
कांग्रेस ने दशरथ कंवर को बनाया प्रत्याशी
कांग्रेस ने सावर क्षेत्र की दशरथ कंवर को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष विकास चौधरी भी उनके साथ निर्वाचन प्रक्रिया में पहुंचे। जिला परिषद में कांग्रेस के 12 सदस्य हैं। ऐसे में चुनाव में निर्दलीय समर्थन के बजाय आरएलपी के दो सदस्यों और अन्य राजनीतिक समीकरणों पर भी नजर रहेगी।
2020 में पलाड़ा ने पलट दिया था चुनावी गणित
अजमेर जिला प्रमुख का पिछला चुनाव भी काफी चर्चित रहा था। वर्ष 2020 में भाजपा के पास 32 सदस्यीय जिला परिषद में 21 सदस्यों का बहुमत था। पार्टी ने महेंद्र सिंह मझेवला को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन टिकट नहीं मिलने से नाराज सुशील कंवर पलाड़ा ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया। कांग्रेस ने उन्हें समर्थन दिया और पलाड़ा को 23 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी महेंद्र सिंह को 9 वोट मिले। इस तरह पलाड़ा दूसरी बार जिला प्रमुख बनी थीं।
अब वर्ष 2026 के चुनाव में भाजपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। ऐसे में आज होने वाला मतदान अजमेर जिला परिषद की आगामी पांच साल की राजनीतिक दिशा तय करेगा। सभी की निगाहें पूजा भंसाली और दशरथ कंवर के बीच होने वाले मुकाबले तथा अंतिम चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।