धोरीमना में सीमांकन फैसले के विरोध में जन आक्रोश रैली, सचिन पायलट समेत कई कांग्रेस नेता हुए शामिल

धोरीमना में सीमांकन फैसले के विरोध में जन आक्रोश रैली, सचिन पायलट समेत कई कांग्रेस नेता हुए शामिल
Spread the love

बाड़मेर। राजस्थान के बाड़मेर–बालोतरा जिला सीमांकन से जुड़े फैसले के विरोध में धोरीमना कस्बे में बुधवार को कांग्रेस ने जन आक्रोश रैली का आयोजन किया। रैली में पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सांसद उमेद राम बेनीवाल, विधायक हरीश चौधरी और अन्य कांग्रेस नेताओं ने भाग लिया।

पिछले 12 दिनों से जारी धरने को समर्थन देने पहुंचे नेताओं ने राज्य सरकार से सीमांकन निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की। पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। रैली के दौरान नेताओं ने भाजपा सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे जनभावनाओं के विपरीत बताया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पंचायती राज और नगर निकाय पुनर्गठन प्रक्रिया में नियमों का पालन नहीं किया गया और वार्डों का गठन तय मानकों के विपरीत किया गया है। उनका कहना था कि जिलों की सीमाओं में बदलाव कर चुनावी लाभ लेने का प्रयास किया जा रहा है।

रैली को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि यदि भविष्य में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो इस निर्णय की समीक्षा कर आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। इसके बाद रैली धोरीमना से उपखंड अधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च में तब्दील हुई, जहां मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर सीमांकन फैसले पर पुनर्विचार की मांग रखी गई।

कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात डायवर्ट किया गया तथा पुलिस बल तैनात रहा। रैली में विधायक समरजीत सिंह, रतन देवासी, पदमाराम मेघवाल, रूपाराम मेघवाल, निर्मल चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *