छोटी उम्र, बड़ा हुनर! आर्मी पब्लिक स्कूल के नन्हे सितारों ने मंच पर बिखेरी प्रतिभा की चमक
छोटी उम्र, बड़ा हुनर! आर्मी पब्लिक स्कूल के नन्हे सितारों ने मंच पर बिखेरी प्रतिभा की चमक
‘कार्निवल ऑफ जॉय’ में रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन, दो दिवसीय वार्षिकोत्सव का भव्य आगाज
नसीराबाद। (अनिल लोहरे) आर्मी पब्लिक स्कूल, नसीराबाद में दो दिवसीय वार्षिक उत्सव का शुभारंभ मंगलवार को हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ हुआ। उत्सव के पहले दिन जूनियर विंग के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने ‘कार्निवल ऑफ जॉय’ थीम पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मासूम अदाओं, आकर्षक वेशभूषा और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर विनय मित्रा, कमांडेंट मिलिट्री हॉस्पिटल एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. पूनम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती दिलीप कंवर ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
समारोह की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद बाल वाटिका से कक्षा तृतीय तक के विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। ‘जंगल सफारी’ थीम पर जानवरों की वेशभूषा में सजे बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। वहीं ‘लेके प्रभु का नाम’, ‘कुड़ी नू नचने दे’, ‘बिलिवर’, ‘इतनी सी हंसी’, ‘तारे गिन-गिन’ और पंजाबी रीमिक्स जैसे गीतों पर बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी और उपलब्धि का गर्व साफ झलक रहा था।
विद्यालय के चेयरमैन ब्रिगेडियर रविचंद्रन ने अपने संदेश में सभी विद्यार्थियों को सफल आयोजन की बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर विनय मित्रा ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि कम उम्र में मंच पर इतने आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन करना उनकी प्रतिभा और मेहनत को दर्शाता है। इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और छिपी हुई प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह का समापन विद्यार्थियों की भव्य ग्रैंड फिनाले प्रस्तुति के साथ हुआ। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।