जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायत नागोला में लगाई रात्रि चौपाल

जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायत नागोला में लगाई रात्रि चौपाल
Spread the love

जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायत नागोला में लगाई रात्रि चौपाल

अधिकारियों को त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण के दिए निर्देश

अजमेर, 25 अप्रैल। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं धरातलीय समाधान तथा प्रशासन की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को उपखंड भिनाय की ग्राम पंचायत नागोला में जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल आयोजित की गई। चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल में कुल 73 परिवाद प्राप्त हुए।

जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध जनसेवा उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक परिवाद का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन को राहत पहुंचाने में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश प्रदान किए।

रात्रि चौपाल में प्राप्त परिवादों पर जिला कलक्टर ने ग्राम नागोला में स्वीकृत बाईपास कार्य शीघ्र प्रारंभ करने, ग्रेवल रोड के डामरीकरण कार्य को जल्द पूर्ण करने, जिला मुख्यालय के लिए रोडवेज बस संचालन का प्रस्ताव तैयार करने, फसल खराबे का मुआवजा समय पर उपलब्ध कराने तथा चरागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने पर जोर देते हुए सभी हैंडपंपों को कार्यशील रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर गर्मी के मौसम में टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत परिवादों में पेयजल की नियमित उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति में सुधार, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, आवागमन की सुविधा तथा खातेदारी भूमि तक नियमानुसार मार्ग उपलब्ध कराने जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।

रात्रि चौपाल में परिवादी को तत्काल मिली राहत

रात्रि चौपाल के दौरान ग्राम बिलिया निवासी परिवादी श्री प्रभु लाल गुर्जर के राजस्व अभिलेखों में दर्ज जमाबंदी संबंधी त्रुटि का मौके पर ही शुद्धिकरण कर राहत प्रदान की गई। जिला कलक्टर के निर्देशानुसार राजस्व रिकॉर्ड में संशोधन कर परिवादी को हाथोंहाथ राहत उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर उपखंड अधिकारी जीतू कुलहरी, विकास अधिकारी अर्जुन सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

admin - awaz rajasthan ki

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *