जिला परिषद चुनाव के लिए आज से नामांकन शुरू

जिला परिषद चुनाव के लिए आज से नामांकन शुरू
Spread the love

33 वार्डों के लिए चार सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त, अलग-अलग न्यायालयों में जमा होंगे नामांकन

अजमेर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत अजमेर जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो रही है। जिला परिषद के 33 वार्डों के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 8 से 13 अक्टूबर तक चलेगी। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर लोक बंधु ने चार सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की है। संबंधित अधिकारी अपने-अपने निर्धारित वार्डों के नामांकन पत्र प्राप्त करेंगे और नाम निर्देशन से जुड़ी पूरी प्रक्रिया संपादित करेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार जिला परिषद सदस्यों के आम चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारी के सहयोग के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। गुरुवार से शुरू होने वाली नामांकन प्रक्रिया के दौरान चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यर्थी अपने संबंधित वार्ड के लिए निर्धारित स्थान पर नामांकन पत्र जमा करा सकेंगे।

वार्ड 1 से 8 के नामांकन एडीएम प्रशासन के न्यायालय में

जिला परिषद के वार्ड संख्या 1 से 8 के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर वंदना खोरवाल को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन वार्डों के नामांकन नए कलेक्ट्रेट भवन के ग्राउंड फ्लोर स्थित अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट प्रशासन के न्यायालय में लिए जाएंगे।

वार्ड 9 से 17 के लिए राजस्व अपील प्राधिकारी का न्यायालय

वार्ड संख्या 9 से 17 के लिए राजस्व अपील प्राधिकारी रामचन्द्र को सहायक रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है। इन वार्डों के नामांकन नए कलेक्ट्रेट भवन की तीसरी मंजिल स्थित राजस्व अपील प्राधिकारी के न्यायालय में प्राप्त किए जाएंगे।

वार्ड 18 से 25 के नामांकन सहायक कलक्टर मुख्यालय में

वार्ड संख्या 18 से 25 के लिए विशेषाधिकारी कार्यालय जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा उद्धवसिंह राजपूत को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन वार्डों के प्रत्याशियों के नामांकन नए कलेक्ट्रेट भवन की दूसरी मंजिल स्थित सहायक कलक्टर मुख्यालय के न्यायालय में लिए जाएंगे।

वार्ड 26 से 33 के लिए एडीएम सिटी का न्यायालय

वहीं वार्ड संख्या 26 से 33 के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रवीण कुमार को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन वार्डों के नामांकन नए कलेक्ट्रेट भवन के ग्राउंड फ्लोर स्थित अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट शहर के न्यायालय में प्राप्त किए जाएंगे।

आज से तेज होगी चुनावी सरगर्मी

जिला परिषद के 33 वार्डों के लिए गुरुवार से नामांकन शुरू होने के साथ ही अजमेर जिले में पंचायतीराज चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। नामांकन की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर निर्धारित है। अलग-अलग वार्डों के लिए अलग नामांकन स्थल तय किए गए हैं, ऐसे में अभ्यर्थियों को अपने संबंधित वार्ड के अनुसार निर्धारित न्यायालय में ही नामांकन पत्र दाखिल करना होगा।

नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही अब चुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों की तस्वीर भी धीरे-धीरे साफ होने लगेगी।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *