नामांकन से पहले कागजी तैयारी में जुटे दावेदार, सुबह से ही कार्यालय में आवाजाही

नामांकन से पहले कागजी तैयारी में जुटे दावेदार, सुबह से ही कार्यालय में आवाजाही
Spread the love

अजमेर। सुबह जिला परिषद कार्यालय खुलते ही परिसर में लोगों की आवाजाही शुरू हो गई। हाथों में फाइलें और जरूरी कागजात लिए कुछ लोग अदेय प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन की जानकारी लेते नजर आए तो कुछ दस्तावेज जमा कराने की कतार में लगे थे। उनके साथ आए समर्थक भी अलग-अलग काउंटर और कार्यालयों में प्रक्रिया की जानकारी लेते दिखाई दिए। चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ जिला परिषद परिसर का यह नजारा अब रोजाना का होता जा रहा है।

पंचायतीराज आम चुनाव-2026 में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे संभावित प्रत्याशी नामांकन से पहले जरूरी कागजी औपचारिकताएं पूरी करने में जुट गए हैं। इसी क्रम में अदेय प्रमाण-पत्र (नो ड्यूज सर्टिफिकेट) लेने के लिए जिला परिषद कार्यालय में दावेदारों की संख्या बढ़ रही है।

नामांकन से पहले कागज पूरे करने की कवायद

जिला परिषद सदस्य और पंचायत स्तर के चुनाव में दावेदारी की तैयारी कर रहे लोग अभी से अपने दस्तावेज व्यवस्थित करने में लगे हैं। अदेय प्रमाण-पत्र को लेकर भी दावेदार कार्यालय पहुंच रहे हैं। कई लोग खुद आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं, जबकि कुछ की ओर से उनके समर्थक या अधिकृत प्रतिनिधि यह काम संभाल रहे हैं।

कार्यालय में आने वाले लोग प्रमाण-पत्र के लिए जरूरी दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताओं की जानकारी भी ले रहे हैं। नामांकन की तारीख नजदीक आने के साथ इस प्रक्रिया को लेकर जिला परिषद में भीड़ और बढ़ने की संभावना है।

दावेदारों ने शुरू की अंतिम तैयारी

नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले संभावित प्रत्याशी अपने स्तर पर सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखने में जुटे हैं। किसी भी तरह की कमी के कारण अंतिम समय में परेशानी न हो, इसके लिए दावेदार पहले ही कागजी प्रक्रिया पूरी करने को प्राथमिकता दे रहे हैं।

जिला परिषद परिसर में बढ़ती आवाजाही के बीच अब चुनावी तैयारियों की हलचल भी साफ दिखाई देने लगी है। आने वाले दिनों में नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ यह गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *