34 वर्षीय पेमा सिंह रावत बने फारक्या के सरपंच, किसान के बेटे को ग्रामीणों ने सौंपी गांव की कमान

34 वर्षीय पेमा सिंह रावत बने फारक्या के सरपंच, किसान के बेटे को ग्रामीणों ने सौंपी गांव की कमान
Spread the love

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संभाला पदभार, उपसरपंच सहित 10 वार्ड पंचों ने भी ग्रहण किया कार्यभार; गांव के सर्वांगीण विकास का लिया संकल्प

अजमेर । अजमेर जिले के श्रीनगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत फारक्या में 34 वर्षीय नवनिर्वाचित सरपंच पेमा सिंह रावत ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पदभार ग्रहण किया। साधारण किसान परिवार से आने वाले पेमा सिंह को ग्रामीणों ने गांव की कमान सौंपकर नए नेतृत्व का अवसर दिया है। उनके सरपंच बनने से पंचायत क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगी है।

कार्यभार ग्रहण समारोह में पेमा सिंह रावत ने ग्राम पंचायत के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूल मंत्र पर काम करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जाएंगे तथा ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा।

किसान के बेटे को मिला नेतृत्व का मौका

पेमा सिंह रावत साधारण किसान परिवार से आते हैं। बताया जाता है कि वे किराए के मकान में रहकर जीवनयापन करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, उनकी योग्यता, सरल स्वभाव और मधुर व्यवहार ने उन्हें लोगों के बीच पहचान दिलाई। ग्रामीणों ने उनके व्यक्तित्व पर विश्वास जताते हुए पंचायत की जिम्मेदारी सौंपी है।

एक साधारण परिवार से आने वाले युवा के सरपंच बनने को ग्रामीण क्षेत्र में नए नेतृत्व के अवसर के रूप में देखा जा रहा है। अब उनके सामने गांव की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने, विकास कार्यों को गति देने और ग्रामीणों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की जिम्मेदारी होगी।

उपसरपंच सहित 10 वार्ड पंचों ने भी संभाला कार्यभार

कार्यभार ग्रहण समारोह में उपसरपंच काली देवी रावत सहित 10 वार्ड पंचों ने भी पदभार संभाला। इस दौरान पंडित दीनदयाल दाधीच ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न करवाई।

कार्यक्रम में वार्ड पंच किरण हरिजन, विनोद सिंह राजपूत, सीताराम मेघवंशी, पारुल शर्मा, जवान सिंह रावत, कमला देवी रावत, ललित रावत, जय सिंह रावत, कालू ठेकेदार और उगम सिंह रावत सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व सरपंच सोनू पडियार, समाजसेवी महावीर पडियार, पूर्व वार्ड पंच और अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने नवनिर्वाचित सरपंच एवं वार्ड पंचों को शुभकामनाएं दीं।

ग्रामीणों को विकास की नई उम्मीद

ग्राम पंचायत की जिम्मेदारी संभालने के बाद पेमा सिंह रावत के सामने गांव में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने और प्रत्येक वर्ग तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि युवा नेतृत्व के माध्यम से गांव की समस्याओं का समाधान होगा और पंचायत क्षेत्र में विकास को नई दिशा मिलेगी।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *