पंचायत चुनाव में क्रॉस वोटिंग पकड़ना होगा मुश्किल, रेंडम मतपत्र से होगा मतदान
जयपुर – प्रतीक पाराशर। राजस्थान में जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान के चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले सदस्यों की पहचान करना राजनीतिक दलों के लिए आसान नहीं होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने इस बार क्रमवार मतपत्र देने के बजाय रेंडम आधार पर मतपत्र वितरित करने का फैसला किया है। इससे किसी मतपत्र को किसी विशेष सदस्य से जोड़कर उसकी वोटिंग का पता लगाना संभव नहीं होगा।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान से पहले रिटर्निंग अधिकारी सभी मतपत्रों के पीछे हस्ताक्षर और मुहर लगाकर उन्हें मोड़कर एक पात्र में रखेंगे। इसके बाद मतदान अधिकारी बिना खोले पात्र से रेंडम आधार पर एक-एक मतपत्र निकालकर सदस्यों को देंगे। इस व्यवस्था से मतपत्रों का कोई निश्चित क्रम किसी सदस्य से जुड़ा नहीं रहेगा।
निकाय चुनाव से अलग होगी व्यवस्था
हाल ही में हुए निकाय चुनावों में सदस्यों को क्रमवार मतपत्र दिए गए थे। ऐसे में मतगणना के दौरान मतपत्रों के क्रम के आधार पर क्रॉस वोटिंग करने वाले सदस्य का अंदाजा लगाया जा सकता था। इस बार पंचायत चुनाव में यह व्यवस्था नहीं रहेगी।
हाइब्रिड मॉडल भी नहीं होगा लागू
आयोग ने जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव में हाइब्रिड मॉडल लागू नहीं करने का भी निर्णय लिया है। यानी इन पदों के लिए केवल निर्वाचित सदस्य ही चुनाव लड़ सकेंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राजेश वर्मा के अनुसार, जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान के चुनाव रेंडम मतपत्रों के आधार पर होंगे। इस संबंध में जिला कलेक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 नवंबर को जिला प्रमुख और 27 नवंबर को प्रधान पद के लिए मतदान होगा।