डॉ. रघु शर्मा का भाजपा पर हमला, बोले- जनता सरकार से निराश
अजमेर। केकड़ी के पूर्व विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा सरकार से निराश है और प्रदेश में कांग्रेस की वापसी का माहौल बन रहा है। शर्मा ने कहा, “कांग्रेस आ रही है, भाजपा जा रही है… यह दीवार पर लिखा हुआ है।”
जिला प्रमुख चुनाव के संदर्भ में उन्होंने कहा कि केकड़ी क्षेत्र में कांग्रेस के पास 12 और भाजपा के पास 19 वोट हैं। इसके बावजूद कांग्रेस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मुकाबले से पीछे नहीं हटेगी। इसी के तहत कांग्रेस ने वार्ड संख्या 16 से दशरथ कंवर को प्रत्याशी बनाकर उनका नामांकन दाखिल करवाया है।
डॉ. शर्मा ने भाजपा पर टिकट वितरण में मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को विश्वास में लिए बिना फैसले किए, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में अनुशासनहीनता और असंतोष का असर चुनाव परिणामों में दिखाई दिया है।
पेंशन और मनरेगा के मुद्दे पर सरकार को घेरा
पूर्व मंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन में देरी और मनरेगा से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि कई लाभार्थियों को पांच-पांच महीने तक पेंशन नहीं मिल रही है। साथ ही किसानों और आमजन से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार को घेरा।
मुख्यमंत्री बदलने से भी नहीं बदलेगा जनता का रुख
डॉ. शर्मा ने कहा कि भाजपा चाहे मुख्यमंत्री बदल दे, मंत्रिमंडल में फेरबदल कर ले या ब्यूरोक्रेसी में बदलाव करे, इससे जनता का रुख नहीं बदलेगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अपना मन बना चुकी है और आगामी चुनाव में भाजपा को अपने कार्यकाल का जवाब देना होगा।