विकसित कृषि संकल्प अभियान का आगाज़ आज

विकसित कृषि संकल्प अभियान का आगाज़ आज
Spread the love

अजमेर। केंद्र सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से खरीफ पूर्व विकसित कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत आज से होने जा रही है। यह अभियान 29 मई से 12 जून तक जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, मृदा स्वास्थ्य जागरूकता, बीज वितरण तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है।

अभियान की विधिवत शुरुआत आज किशनगढ़ क्षेत्र के रलावता गांव में प्रस्तावित है, जहाँ केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी “बीज रथ” को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह बीज रथ किसानों को जागरूक करने के साथ-साथ उन्नत बीजों की जानकारी भी प्रदान करेगा।

इस अभियान के अंतर्गत जिले की 45 ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रीय बीजीय मसाला अनुसंधान केंद्र, तबीजी द्वारा संचालित इन शिविरों में प्रतिदिन तीन ग्राम पंचायतों को सम्मिलित किया जाएगा।

शिविरों में मृदा स्वास्थ्य कार्ड, बीज विक्रय, कृषि यंत्रीकरण, पशुपालन, कुक्कुट पालन, मत्स्य पालन, और ड्रोन जैसी नवीन तकनीकों के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही किसानों को आत्मनिर्भर कृषि प्रणाली की ओर प्रेरित किया जाएगा।

डॉ. विनय भारद्वाज, निदेशक, राष्ट्रीय बीजीय मसाला अनुसंधान केंद्र के अनुसार, यह अभियान अनुसंधान एवं नवाचार को ग्रामीण क्षेत्र से जोड़ने का एक ठोस प्रयास है। अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. डी.एस. भाटी, डॉ. दिनेश कच्छावा, और आशीष झाझोरिया को नियुक्त किया गया है, जो शिविरों की निगरानी करेंगे।

यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी की निगरानी में संचालित किया जाएगा।

हर शिविर में कम से कम 200 किसानों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, आत्मा परियोजना एवं अन्य तकनीकी संस्थाओं के विशेषज्ञ शिविर में भाग लेंगे।

  • 29 मई: रलावता, गुदली, टुकड़ा
  • 30 मई: मरकेड़ा, मांगलियावास, ब्रिक्चियावास
  • 31 मई: पिचोलिया, भगवानपुरा, सूरजपुरा/सवाईपुरा
  • 1 जून से 12 जून तक: अन्य 39 ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम होंगे।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *