हरियालो राजस्थान अभियान विधानसभा अध्यक्ष देवनानी तथा वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने किया वृक्षारोपण

हरियालो राजस्थान अभियान विधानसभा अध्यक्ष देवनानी तथा वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने किया वृक्षारोपण
Spread the love

अजमेर । हरियालो राजस्थान के अन्तर्गत शनिवार को हरिभाऊ उपाध्याय नगर स्थित खेल मैदान में विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी तथा वन, पर्यावरण, जलवायु परिर्वतन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग मंत्री संजय शर्मा की अगुवाई में सघन वृक्षारोपण किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि वन है तो जीवन है। वन जीवन का आधार है। वनों के कारण पृथ्वी पर जीवन का अस्तित्व विद्यमान है। पूर्व में गर्मी के दौरान तापमान से मानव जीवन त्रस्त नहीं रहता था। इसका कारण उस समय वन आच्छादित क्षेत्र का अधिक होना था। मानव के स्वार्थ के कारण अब गर्मी सभी को परेशान करने लगी है। तापमान में भी जबरदस्त वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर अधिकतम पेड़ लगाने चाहिए। इससे वर्षा की मात्रा में वृद्धि होगी। पानी की कमी नहीं रहेगी। भू-जल स्तर में भी वृद्धि होगी। इससे वन क्षेत्र में भी वृद्धि होगी। इस प्रकार जल और जंगल में वृद्धि होने से तापमान में वृद्वि नहीं होगी। आस-पास के क्षेत्र में तापमान बढ़ने पर भी वनाच्छादित क्षेत्र को यह तापमान की वृद्धि परेशान नहीं करेगी। वन क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की भी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि हरियालो राजस्थान के अंतर्गत प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास के परिवेश में पेड़ लगाने चाहिए। इससे अजमेर हरा भरा रहेगा। योजनाबद्ध तरीके से पेड़ लगाने से इसका प्रभाव बढ़ जाता है। अजमेर को अन्य शहरों से जोड़ने वाली सड़कों के दोनो तरफ घना वृक्षारोपण किया जाना चाहिए। लैपर्ड सफारी जैसे प्रयासों के धरातल पर उतरने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।


वन, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा एक पेड़ मां के नाम लगाने का आह्वान किया गया। इससे पूरे देश में सकारात्मक परिणाम सामने आए। इसी प्रकार स्वच्छ भारत-श्रेष्ठ भारत का अभियान भी चलाना गया। इसके कारण स्वच्छता के क्षेत्र में जागरूकता में वृद्धि हुई। आमजन स्वयं अपने स्तर पर कचरा निस्तारित करने को कर्तव्य समझने लगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा गत मानसून के दौरान 7 करोड़ पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया था। आमजन की भागीदारी से लक्ष्य से अधिक 7.30 करोड़ पेड़ लगाए गए। इस वृहद पैमाने पर किए गए पौधारोपण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में उल्लेख कर बधाई दी हे। इसी प्रकार इस वर्ष राज्य भर में 10 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। इस बार भी राजस्थानवासी पूरे उत्साह के साथ लगकर 10 करोड़ से अधिक पौधे लगाएंगे।
अध्यक्ष रमेश सोनी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के महाअभियान में सहभागी बनना चाहिए। इससे यह महाअभियान जन अभियान बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान वन विकास के क्षेत्र में कार्य करने वाली संस्थाओं को सम्मानित किया गया। भारत विकास परिषद ने सीड बॉल वन क्षेत्र में डाले। पूर्व में 3 हजार सीड बॉल फैंकी गई थी। आगामी 28 जुलाई को एक लाख सीड बॉल वन क्षेत्र में फैंकी जाएगी। इसी प्रकार ग्रीन आर्मी, लॉयन्स क्लब, माई क्लीन स्कूल तथा ग्रीन गृहणी के कार्यों को सम्मान मिला। रामचन्द्र मिशन हार्टफुलनेस संस्थान के प्रशिक्षक अंकुर तिलक गहलोत तथा सुदर्शन ने संस्थान के ग्लोबल मार्गदर्शक कमलेश डी पटेल दाजी द्वारा लिखित पुस्तकें भी भेंट की। आधात्मिकता से जुड़ी पुस्तकें द विज्डम ब्रिज और स्प्रीच्युअल एनाटोमी प्रदान की गई।
इस अवसर पर नगर निगम महापौर बृजलता हाड़ा, उपमहापौर नीरज जैन, डॉ. प्रियशील हाड़ा, मुख्य वन संरक्षक ख्याति माथुर, उपवन संरक्षक विरेन्द्र सिंह जोरा सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *