भिनाय तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत नागोला में आयोजित शिविर में देखने को मिला, जहाँ एक महिला पशुपालक को मौके पर
सफलता की कहानी
ग्रामीण सेवा शिविर-2026
नागोला शिविर में रेखा को मिला मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना का संबल
पशुपालक परिवार को मिली 40 हजार रुपये की आर्थिक सुरक्षा की गारंटी
राजस्थान सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और पशुपालकों को संबल प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर-2026 काश्तकारों और पशुपालक परिवारों के लिए सुरक्षा कवच साबित हो रहे हैं। ऐसा ही एक सुखद और सफल मामला जिले की भिनाय तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत नागोला में आयोजित शिविर में देखने को मिला, जहाँ एक महिला पशुपालक को मौके पर ही पशु बीमा योजना से लाभांवित किया गया।
प्राप्त विवरण के अनुसार, ग्राम नागोला निवासी महिला पशुपालक श्रीमती रेखा (पत्नी श्री कजोड़) आज नागोला में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के कैम्प में पहुँचीं। उन्होंने शिविर स्थल पर स्थापित पशुपालन विभाग के काउंटर पर जाकर अपनी समस्या शिविर प्रभारी सुश्री जीतू कुल्हरी (उपखण्ड अधिकारी, भिनाय) के समक्ष रखी।
काश्तकार परिवार की पशुधन सुरक्षा संबंधी जरूरत को समझते हुए शिविर प्रभारी ने उन्हें राज्य सरकार की कल्याणकारी मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। योजना के फायदों को जानकर श्रीमती रेखा ने तुरंत अपने पशु का बीमा करवाने का निर्णय लिया।
विभाग के अधिकारियों द्वारा तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर ही आवेदन की औपचारिकताएं पूर्ण करवाई गईं और हाथोंहाथ मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पॉलिसी जारी कर दी गई। इस पॉलिसी के तहत पशुपालक को अचानक पशु की मृत्यु हो जाने की स्थिति में 40,000 रुपये का आर्थिक संबल (बीमा क्लेम) मिल सकेगा, जिससे उनकी आजीविका पूरी तरह सुरक्षित हो गई है।
बिना किसी दफ्तर की दौड़-भाग के, एक ही छत के नीचे अपने पशुधन की सुरक्षा का यह आधिकारिक बीमा दस्तावेज हाथ में पाकर लाभार्थी रेखा और उनका परिवार बेहद खुश है। प्रार्थी ने हर्ष व्यक्त करते हुए इस संवेदनशील पहल के लिए माननीय मुख्यमंत्री महोदय और राजस्थान सरकार का कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया है। इसके साथ ही उन्होंने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी राज्य सरकार की सभी लोक-कल्याणकारी योजनाओं में बढ़-चढ़कर भाग लेंगी और गाँव के अन्य पशुपालकों को भी मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के बारे में जागरूक कर उन्हें लाभ उठाने के लिए प्रेरित करेंगी।