पंचायत प्रशिक्षण केंद्र में सप्ताहभर में दो बार चोरी,
पंचायत प्रशिक्षण केंद्र में सप्ताहभर में दो बार चोरी,
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
आवासीय क्षेत्र से अलग-थलग केंद्र में वारदातों से हड़कंप, चौकीदार का पद भी रिक्त
अजमेर //संभाग का एक मात्र पंचायत प्रशिक्षण केंद्र में एक सप्ताह के भीतर दो बार चोरी की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशिक्षण केंद्र प्रशासन ने लगातार हो रही वारदातों को चिंताजनक बताते हुए परिसर में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
पंचायत प्रशिक्षण केंद्र के आचार्य एवं प्रधानाचार्य रविन्द्र जोधावत के अनुसार, 24 अगस्त को कार्यालय में चोरी हुई थी, जिसकी जांच सिविल लाइंस थाना पुलिस में प्रक्रियाधीन है। इसके बाद सोमवार रात हॉस्टल में भी चोरी की वारदात सामने आई। लगातार दूसरी चोरी से केंद्र में उपलब्ध सामान की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
प्रधानाचार्य के अनुसार केंद्र आवासीय क्षेत्र से काफी अलग-थलग है। कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के तीन पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से दो पद रिक्त हैं। रात्रिकालीन चौकीदार की व्यवस्था नहीं होने से परिसर रात में सुरक्षा के लिहाज से असुरक्षित बना हुआ है।
प्रशासन ने बजट और निजी आय के स्रोत उपलब्ध नहीं होने के कारण रात्रि चौकीदार की व्यवस्था करने में असमर्थता जताई है। ऐसे में केंद्र में रखे कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर प्रधानाचार्य ने प्रशासन से शीघ्र स्थायी एवं पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग की है।