प्रदेश के दुग्ध संघों की ज्वलंत समस्याओं पर मंथन: 27 जुलाई को जयपुर में जुटेंगे सभी अध्यक्ष
प्रदेश के दुग्ध संघों की ज्वलंत समस्याओं पर मंथन: 27 जुलाई को जयपुर में जुटेंगे सभी अध्यक्ष
अजमेर, 17 जुलाई 2026:
प्रदेश के विभिन्न जिला दुग्ध संघों की ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा और उनके त्वरित समाधान की रणनीति तय करने के लिए आगामी 27 जुलाई 2026 (सोमवार) को जयपुर में एक उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया जा रहा है। अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचन्द्र चौधरी की पहल पर आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के समस्त जिला दुग्ध संघों के माननीय अध्यक्षगण हिस्सा लेंगे।
यह बैठक जयपुर के जगतपुरा स्थित ‘होटल कल्याण’ के सभागार में प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। बैठक का मुख्य उद्देश्य दुग्ध संघों के सामने आ रही वर्तमान चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा कर एक साझा और सशक्त ज्ञापन तैयार करना है।
बैठक में तैयार किया गया यह विस्तृत ज्ञापन शासन और प्रशासन के उच्चाधिकारियों— सीएमडी आर.सी.डी.एफ. (जयपुर), रजिस्ट्रार सहकारी समितियां (जयपुर), डेयरी एवं पशुपालन मंत्री (राजस्थान सरकार) और सहकारिता मंत्री (राजस्थान सरकार)— को सौंपा जाएगा, ताकि प्रदेश भर के दुग्ध संघों की समस्याओं का प्रभावी निस्तारण हो सके।
दोपहर 2 बजे होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस:
बैठक के समापन के पश्चात, इसी स्थान पर दोपहर 2:00 बजे एक प्रेस वार्ता (प्रेस कांफ्रेंस) का भी आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों को बैठक में लिए गए अहम निर्णयों, दुग्ध संघों की प्रमुख मांगों और आगे की रूपरेखा के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।