संगठन में निष्ठा और मेहनत सर्वोपरि; धरातल पर पसीना बहाने वाले कार्यकर्ताओं को मिलेगा पूरा मान-सम्मान” — डॉ. विकास चौधरी
“संगठन में निष्ठा और मेहनत सर्वोपरि; धरातल पर पसीना बहाने वाले कार्यकर्ताओं को मिलेगा पूरा मान-सम्मान” — डॉ. विकास चौधरी
विधायक एवं जिलाध्यक्ष डॉ. विकास चौधरी की अध्यक्षता में सभी प्रमुख नेताओं ने दिया एकजुटता का संदेश
शपथ ग्रहण और नियुक्ति पत्र वितरण के साथ अजमेर ग्रामीण कांग्रेस के नए संगठन का ऐतिहासिक आगाज
जिला प्रभारी चेतन डूडी, पूर्व मंत्री डॉ. रघु शर्मा सहित जिले भर के दिग्गज नेता एक मंच पर आए नजर, दिखाई दी अभूतपूर्व एकजुटता
अजमेर ग्रामीण कांग्रेस को आधुनिक और अजेय बनाने के लिए तीन बड़े सांगठनिक नवाचारों की शुरुआत
अजमेर। जिला कांग्रेस कमेटी, अजमेर ग्रामीण की नवगठित जिला कार्य समिति की प्रथम और अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आज शनिवार, 18 जुलाई 2026 को सुबह 10:15 बजे अजमेर के ऐतिहासिक ‘भागचंद जी की कोठी’ (मेरवाड़ा एस्टेट) में पूरी भव्यता के साथ आयोजित की गई। यह बैठक किशनगढ़ विधायक एवं नवनियुक्त जिला अध्यक्ष आदरणीय डॉ. विकास चौधरी जी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक का मुख्य एजेंडा नवनियुक्त पदाधिकारियों का परिचय, संगठन की भावी कार्य योजना पर गंभीर मंथन और संगठन को धरातल पर मजबूत करना रहा।
शपथ ग्रहण और नियुक्ति पत्रों के वितरण से हुआ शंखनाद:
कार्यक्रम की भव्य शुरुआत सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों और जिला कार्य समिति के सदस्यों के गरिमामयी शपथ ग्रहण समारोह के साथ हुई। सभी उपस्थित पदाधिकारियों ने पूरी निष्ठा से पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करने की शपथ ली। इस दौरान मंच पर उपस्थित वरिष्ठ नेताओं और जिलाध्यक्ष डॉ. विकास चौधरी द्वारा सभी जिला कार्यकारिणी के सदस्यों को उनके आधिकारिक नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जिसे पाकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया।
एक मंच पर जुटे दिग्गज, दिखाई दी ऐतिहासिक एकजुटता:
प्रथम कार्य समिति बैठक में विकास चौधरी के नेतृत्व में आज पूरे जिले की कांग्रेस पूरी तरह एकजुट और एक जाजम पर दिखाई दी। जिले के सभी प्रमुख और शीर्ष नेता न केवल मंच पर नजर आए, बल्कि सभी ने एक स्वर में संगठन को अजेय बनाने के लिए एकजुटता का शंखनाद किया।
बैठक में मुख्य रूप से जिला प्रभारी चेतन डूडी, पूर्व केंद्रीय मंत्री व पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा, पूर्व राज्यमंत्री नसीम अख्तर इंसाफ, अजमेर डेयरी चेयरमैन रामचंद्र चौधरी, पूर्व विधायक नाथूराम सिनोदिया, पूर्व विधायक महेंद्र सिंह गुर्जर, पूर्व जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठौड़ तथा शिव प्रकाश गुर्जर आरटीडीसी के पुर्व चैयरमेन ध्रमेन्द्र राठौड विशेष रूप से उपस्थित रहे। इन सभी वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया। इसके साथ ही अजमेर ग्रामीण के सभी अग्रिम संगठनों के जिला अध्यक्ष, जिला कार्यकारिणी के नवनियुक्त सदस्य, सभी ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष सहित पार्टी के सभी पदेन सदस्य और जांबाज कार्यकर्ता बैठक में मुस्तैदी से मौजूद रहे।
मेहनत को सम्मान, निष्क्रियता पर होगी सांगठनिक कार्रवाई:
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष व विधायक डॉ. विकास चौधरी ने संगठन में अनुशासन, सक्रियता और जनता के प्रति जवाबदेही को लेकर बेहद स्पष्ट और कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अजमेर ग्रामीण में कांग्रेस के एक नए, आधुनिक और ऊर्जावान युग की शुरुआत हो रही है। बदलती राजनीतिक चुनौतियों के बीच हमें अपने काम करने के तरीकों में सकारात्मक बदलाव लाते हुए नए नवाचारों को अपनाना होगा।
कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए डॉ. चौधरी ने कहा कि संगठन में केवल बातों की नहीं, बल्कि धरातल पर किए गए कार्यों की कद्र होगी। जो साथी मैदान में पसीना बहाएगा और जनता के सुख-दुख में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा, उसे संगठन में पदोन्नति (प्रमोशन) और उचित मान-सम्मान दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने पूरी संजीदगी से सचेत भी किया कि जो पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति निष्क्रिय रहेंगे या सांगठनिक गतिविधियों से अनुपस्थित पाए जाएंगे, उनके स्थान पर सक्रिय साथियों को आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “यह पद किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि हर उस जांबाज कार्यकर्ता का है जो हर मौसम में कांग्रेस का झंडा थामे मैदान में डटा रहता है।”
कांग्रेस को हाईटेक बनाने के लिए तीन बड़े सांगठनिक नवाचारों (Innovations) की घोषणा:
डिजिटल वॉरियर्स और बूथ-स्तरीय तकनीक:
कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर के साथ-साथ डिजिटल स्पेस में भी अग्रणी बनाया जाएगा। इसके लिए हर बूथ पर ‘डिजिटल बूथ कमेटियों’ का गठन होगा। एक केंद्रीय वॉर-रूम की स्थापना की जाएगी, ताकि हर कार्यकर्ता सीधे जिला मुख्यालय से संवाद कर सके और जनहित के मुद्दों तथा सरकार की विफलताओं को सोशल मीडिया पर प्रखरता से उठा सके।
’यूथ-कनेक्ट’ और महिला सशक्तिकरण:
संगठन में ऊर्जा का नया संचार करने के लिए युवाओं और महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कॉलेज स्तर और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ‘यूथ-कनेक्ट’ अभियान चलेगा, वहीं हर ब्लॉक में महिलाओं के नेतृत्व विकास के लिए ‘महिला लीडरशिप प्रोग्राम’ की शुरुआत की जाएगी।
परफॉर्मेंस बेस्ड जिम्मेदारी (Performance-Based Responsibility):
कार्यकर्ताओं के कार्यों के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए एक ‘कार्यकर्ता मूल्यांकन प्रणाली’ लागू की जाएगी। पद किसी की व्यक्तिगत संपदा नहीं, बल्कि जनता की नि:स्वार्थ सेवा का माध्यम है। जो साथी बेहतर परिणाम देगा, उसे संगठन में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान के लिए हमेशा तत्पर:
विधायक व जिलाध्यक्ष डॉ. विकास चौधरी ने ओजस्वी लहजे में कहा कि पार्टी और सरकार हमेशा कार्यकर्ताओं के दम पर बनती है। उन्होंने विश्वास दिलाया, “आपका यह भाई और अध्यक्ष आपके मान-सम्मान के लिए चौबीस घंटे उपलब्ध है। मेरे किसी भी कार्यकर्ता के सम्मान को ठेस पहुंची, तो विकास चौधरी सबसे आगे खड़ा मिलेगा।” उन्होंने विरोधी दलों के षड्यंत्रों को नाकाम करने और हर गांव-ढाणी तक पहुंचकर आमजन के हक की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।
राष्ट्रगान के साथ हुआ ऐतिहासिक बैठक का समापन:
बैठक के अंत में सभी नेताओं, नवनियुक्त पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक साथ खड़े होकर पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रगान गाया, जिसके बाद सामूहिक रूप से भारत माता और कांग्रेस पार्टी के गगनभेदी नारों के साथ इस ऐतिहासिक सांगठनिक बैठक का सफल समापन हुआ।