नसीराबाद पालिका चुनाव में नामांकन जांच पूरी, 77 प्रत्याशियों की राह साफ46 पर्चे निरस्त होने के बाद चुनावी मुकाबला हुआ स्पष्ट, भाजपा-कांग्रेस के 20-20 प्रत्याशी मैदान में
नसीराबाद पालिका चुनाव में नामांकन जांच पूरी, 77 प्रत्याशियों की राह साफ
46 पर्चे निरस्त होने के बाद चुनावी मुकाबला हुआ स्पष्ट, भाजपा-कांग्रेस के 20-20 प्रत्याशी मैदान में
नसीराबाद।(अनिल लोहरे) नगर पालिका चुनाव को लेकर नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान दाखिल किए गए कुल 126 नामांकनों में से 80 को वैध पाया गया, जबकि 46 नामांकन निरस्त कर दिए गए। इसके बाद अब 77 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं।
निर्वाचन अधिकारी कल्पित शिवरान के अनुसार कई नामांकन निर्धारित कमियों के चलते निरस्त किए गए। इनमें अधिकतर ऐसे नामांकन शामिल रहे, जो अधिकृत सिंबल के बिना भरे गए थे। नामांकन जांच के दौरान कांग्रेस के दो प्रत्याशियों के पर्चों पर भाजपा की ओर से आपत्तियां भी दर्ज कराई गईं। सुनवाई के बाद निर्वाचन अधिकारी ने दस्तावेजों की जांच करते हुए आपत्तियों का निस्तारण किया।
जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 13 से कांग्रेस प्रत्याशी हंसराज तथा वार्ड संख्या 19 से ऋतुका सोनी के नामांकन को लेकर आपत्तियां सामने आई थीं। सुनवाई के बाद दोनों के नामांकन वैध पाए गए।
अब 3 सितंबर को नाम वापसी की अंतिम प्रक्रिया के बाद चुनाव मैदान की अंतिम तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट होगी। फिलहाल 77 प्रत्याशियों में 20 कांग्रेस, 20 भाजपा, 9 राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) और शेष निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं। नामांकन जांच के बाद राजनीतिक दलों ने वार्डवार रणनीति तेज कर दी है और चुनावी मुकाबला अब रोचक होता दिखाई दे रहा है।