कांग्रेस के 20 अधिकृत प्रत्याशियों की बैठक, एकजुट होकर चुनाव लड़ने का संकल्प
कांग्रेस के 20 अधिकृत प्रत्याशियों की बैठक, एकजुट होकर चुनाव लड़ने का संकल्प
नसीराबाद। (अनिल लोहरे)नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज करते हुए बुधवार को सभी 20 अधिकृत प्रत्याशियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी शिव प्रकाश गुर्जर ने प्रत्याशियों से आमने-सामने संवाद कर वार्डवार चुनावी स्थिति, जनसमस्याओं और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में सभी प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्ड की प्रमुख समस्याओं और चुनावी परिस्थितियों से अवगत कराया। साथ ही मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने, जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा कांग्रेस के विकास के मुद्दों को लेकर मजबूती से चुनाव मैदान में उतरने पर सहमति बनी।
सभी 20 प्रत्याशियों ने एकजुटता का संकल्प लेते हुए आपसी समन्वय के साथ चुनाव लड़ने और अधिक से अधिक कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाकर नगर पालिका में कांग्रेस को मजबूत करने का विश्वास दिलाया।
शिव प्रकाश गुर्जर ने प्रत्याशियों से नियमित जनसंपर्क करने का आह्वान करते हुए कहा कि वे स्वयं भी प्रत्येक वार्ड में पहुंचकर कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क करेंगे। उन्होंने चुनाव संबंधी किसी भी समस्या या सुझाव के लिए सीधे संपर्क करने की बात कही।
बैठक में प्रत्येक वार्ड में चुनाव प्रभारी नियुक्त करने को लेकर भी चर्चा हुई, ताकि वार्ड स्तर पर चुनावी गतिविधियों और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।
इस दौरान नगर पालिका चुनाव प्रभारी एवं जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अजय गौड़, श्रीनगर ब्लॉक अध्यक्ष संपत सिंह राठौड़ तथा नगर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश परिहार सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में संगठन की मजबूती और प्रभावी जनसंपर्क अभियान को लेकर रणनीति तैयार की गई।