नसीराबाद नगरपालिका चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, एसडीएम कल्पित शिवरान ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
🗳️ नसीराबाद नगरपालिका चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, एसडीएम कल्पित शिवरान ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
मतदाताओं की सुविधा के लिए स्वच्छता, पेयजल, बिजली, प्रकाश एवं रैंप व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
नसीराबाद। (अनिल लोहरे)नगरपालिका नसीराबाद में निर्वाचन के मद्देनजर गुरुवार, 3 सितंबर 2026 को रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी नसीराबाद कल्पित शिवरान ने नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन एवं निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा एवं सुगम मतदान प्रक्रिया के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान, जयपुर द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम कल्पित शिवरान ने अधिशासी अधिकारी नगरपालिका नसीराबाद हेमेंद्र सिंह को सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। इनमें स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश तथा दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप सहित अन्य निर्धारित सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाए।