हांसियावास-खुंडियावास में आज गूंजेंगे बाबा रामदेव के जयकारे, कल भरेगा भव्य मेलाभजन संध्या का भी होगा आयोजन मेला कमेटी ने सभाली व्यवस्था
हांसियावास-खुंडियावास में आज गूंजेंगे बाबा रामदेव के जयकारे, कल भरेगा भव्य मेला
भजन संध्या का भी होगा आयोजन मेला कमेटी ने सभाली व्यवस्था
अजमेर। हांसियावास-खुंडियावास स्थित बाबा रामदेव मंदिर में बाबा रामदेव के जन्मोत्सव के अवसर पर शनिवार को विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की गई हैं। बाबा रामदेव सेवा समिति के अध्यक्ष सूरजकरण वैष्णव ने बताया कि जन्मोत्सव पर शनिवार रात 11 बजे बाबा रामदेवजी का अभिषेक एवं महाआरती की जाएगी। मध्यरात्रि 12 बजे जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान आतिशबाजी के साथ भजन संध्या का भी आयोजन होगा।
*कल भरेगा बाबा रामदेव का मेला
*
रविवार को पारंपरिक रूप से बाबा रामदेव मेला भरेगा। सुबह करीब 11 बजे हजारों श्रद्धालुओं के साथ मेला शुरू होगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं और दुकानदारों के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
मेले को लेकर पुलिस प्रशासन एवं पंचायत स्तर पर भी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए पेयजल, प्रसाद, दुकानों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कई जनप्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना
जन्मोत्सव एवं मेले के अवसर पर कई जनप्रतिनिधियों के भी पहुंचने की संभावना है। इनमें कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल, पूर्व विधायक रामनिवास गावड़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के नाम शामिल हैं।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि बाबा रामदेव के जन्मोत्सव को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे और बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से मेले में शांति, अनुशासन एवं सहयोग बनाए रखने की अपील की है।